सागर, देवरी नगर परिषद अध्यक्ष ‘राइट टू रिकॉल’ चुनाव प्रक्रिया पर व्यापक प्रशिक्षण संपन्न !

Spread the love

सागर में नगर परिषद देवरी के अध्यक्ष पद से वापस बुलाने (Right to Recall) की चुनाव प्रक्रिया को लेकर शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस प्रशिक्षण में कुल 300 अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लेकर निर्वाचन प्रक्रिया की सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक जानकारी हासिल की।

प्रशिक्षण के दौरान विषय विशेषज्ञ डॉ. अमर जैन ने आदर्श आचार संहिता के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देते हुए मतदान के दौरान सावधानियों एवं प्रक्रिया की बारीकियों पर प्रकाश डाला। वहीं मनीष सक्सेना ने मतदान दिवस पर मॉक पोल, वास्तविक मतदान, मतदाता पहचान, मतदान क्रम और मतदान समाप्ति के बाद की संपूर्ण प्रक्रिया का विस्तार से प्रशिक्षण दिया।

इसी क्रम में डॉ. सर्वेश उपाध्याय ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम अधिकारियों को नवीन दिशानिर्देशों से अवगत कराते हैं और उनकी सामूहिक जिम्मेदारी को भी स्पष्ट करते हैं।
आनंद मंगल बोहरे ने मतदान दलों को आवश्यक चुनाव सामग्री, चिन्हित मतदाता सूची, 20B जैसे प्रपत्रों के परीक्षण और मिलान की प्रक्रिया समझाई।

मनीष माहौर ने राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा विकसित पीठासीन अधिकारी एप के उपयोग और रियल टाइम रिपोर्टिंग की प्रणाली को विस्तार से समझाया।
तकनीकी सत्र में परमानंद सेन और मुकेश पटेल ने ईवीएम मशीन के सभी हिस्सों, संभावित त्रुटियों और समाधान की प्रक्रिया बताई एवं मशीन की सीलिंग का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया।

मास्टर ट्रेनर्स ने अपील की कि अधिकारी प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का उपयोग करते हुए चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराएँ।
अंत में प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया गया और सभी अधिकारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *