सागर देवरी: बीड़ी ब्रांच में हुई 2.90 लाख की चोरी का खुलासा !

Spread the love

 दूसरा आरोपी गिरफ्तार, 78 हजार रुपए बरामद

सागर जिले के देवरी थाना क्षेत्र में बीड़ी ब्रांच में हुई बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने एक और खुलासा किया है। पुलिस ने शनिवार को इस मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी यशवंत उर्फ इस्सू (29 वर्ष) से 78 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। देवरी थाना प्रभारी मीनेष भदोरिया के अनुसार अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और कुल 1.58 लाख रुपए की राशि जब्त की गई है। एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस टीम कर रही है।

4 मई को बीड़ी ब्रांच में हुई थी सेंधमारी

यह घटना 4 मई 2025 की है, जब चोरों ने देवरी के कौशल किशोर वार्ड स्थित अविनाश कुमार कन्हैयालाल बीड़ी ब्रांच को निशाना बनाया था। चोरों ने ब्रांच की दूसरी मंजिल पर बने खप्पर (कच्ची छत) को उखाड़कर अंदर प्रवेश किया और लोहे की अलमारी काटकर उसमें रखे 2 लाख 90 हजार रुपए चुरा लिए। इस संबंध में मुनीम कीरत कोष्टी की शिकायत पर देवरी थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी।

पहले पकड़ा गया था करण कोष्ठी, अब यशवंत गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले आरोपी करण कोष्ठी को पकड़ा था, जिसके पास से 80 हजार रुपए बरामद हुए थे। करण ने पूछताछ में कबूल किया कि उसने अपने दो साथियों – यशवंत उर्फ इस्सू और एक अन्य युवक के साथ मिलकर इस चोरी की योजना बनाई थी और वारदात को अंजाम दिया था।

चोरी के बाद तीनों आरोपियों ने 2.90 लाख रुपए आपस में बराबर बांट लिए थे, जिसमें प्रत्येक को 95-95 हजार रुपए मिले थे।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शनिवार को पुलिस ने दूसरे आरोपी यशवंत को दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार किया और उसके कब्जे से 78 हजार रुपए जब्त किए गए। कुछ रकम उसने खर्च करने की बात कही है।

एफएसएल की मदद से जुटाए गए सबूत, तीसरे आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम की मदद से घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। तीसरे आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसे पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि जल्द ही तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर चोरी की पूरी रकम बरामद की जाएगी।

देवरी पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सराहा जा रहा है और व्यापारिक समुदाय ने अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस का आभार जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *