सागर पुलिस की तत्परता, चार दिन में ऑटो से छूटा बैग सुरक्षित बरामद !

Spread the love

सागर में ऑटो रिक्शा में सफर के दौरान एक यात्री का कीमती सामान से भरा बैग छूट जाने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने गंभीरता से कार्रवाई करते हुए चार दिन की कड़ी मशक्कत के बाद न सिर्फ ऑटो रिक्शा को तलाश लिया, बल्कि सुरक्षित बैग यात्री को सौंपकर ईमानदारी और तत्परता की मिसाल पेश की है।

जानकारी के अनुसार, 3 फरवरी को ग्राम देवलचौरी निवासी हरिओम तिवारी कंट्रोल रूम पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी बहन मोतीनगर क्षेत्र से बस स्टैंड तक ऑटो रिक्शा से यात्रा कर रही थीं। यात्रा के दौरान उनका बैग ऑटो में ही छूट गया। बैग में कपड़े सहित अन्य कीमती सामान रखा हुआ था। बैग छूटने की जानकारी मिलने पर परिवार काफी परेशान था।

शिकायत मिलते ही कंट्रोल रूम में तैनात एसआई आरकेएस चौहान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एक टीम गठित की और बैग की तलाश शुरू कराई। पुलिस टीम ने सबसे पहले शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। मोतीनगर से बस स्टैंड जाने वाले मार्ग के सीसीटीवी फुटेज में ऑटो रिक्शा दिखाई दिया, लेकिन ऑटो में नंबर प्लेट नहीं लगी होने के कारण उसकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण हो गया।

एक जैसे कई ऑटो रिक्शा होने के कारण पुलिस को ऑटो पहचानने में कठिनाई का सामना करना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने एक अलग रणनीति अपनाई और शहर की विभिन्न ऑटो एजेंसियों से संपर्क किया। एजेंसियों से हाल ही में खरीदे गए नए ऑटो रिक्शा की जानकारी एकत्र की गई। जांच के दौरान करीब 15 ऑटो रिक्शा और उनके मालिकों के मोबाइल नंबर पुलिस को प्राप्त हुए।

पुलिस टीम ने सभी 15 ऑटो मालिकों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया। बातचीत के दौरान एक ऑटो चालक ने अपने पास एक बैग होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ऑटो चालक तत्काल बैग लेकर कंट्रोल रूम पहुंचा। बैग की जांच करने पर उसमें रखा पूरा सामान सुरक्षित पाया गया।

चार दिन की लगातार मेहनत के बाद पुलिस ने बैग सुरक्षित रूप से हरिओम तिवारी को सौंप दिया। बैग वापस मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और सागर पुलिस की तत्परता व ईमानदार प्रयासों की सराहना की।

इस पूरी कार्रवाई में एसआई आरकेएस चौहान, सीसीटीवी ऑपरेटर रेखा रजक, आरक्षक बद्री सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आम नागरिकों की मदद और उनकी संपत्ति की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में तत्पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *