सागर जिले के गोपालगंज थाना क्षेत्र में सक्रिय बाइक चोर गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि 14 जनवरी को फरियादी रामपाल सिंह लोधी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी बाइक चैतन्य अस्पताल के सामने खड़ी की थी, लेकिन कुछ देर बाद लौटने पर बाइक वहां से गायब मिली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में चैतन्य अस्पताल के आसपास कुछ संदिग्ध युवक नजर आए। इन फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान के लिए विशेष टीम गठित की। लगातार छानबीन के बाद संदिग्धों की पहचान भोलू उर्फ कुलदीप पांडे निवासी कॉलेज के पास बड़तुमा, नानू उर्फ राज शुक्ला निवासी बजरंगबली मंदिर के पास बड़तुमा और बाली उर्फ साहब अहिरवार निवासी नई बस्ती कंट्रोल के पास बड़तुमा के रूप में हुई।
पहचान होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भोलू उर्फ कुलदीप पांडे को हिरासत में लिया और थाने लाकर उससे पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसने खुलासा किया कि वह अपने साथ दो नाबालिगों को मिलाकर अलग-अलग स्थानों से बाइक चोरी करता था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई बाइक क्रमांक एमपी 15 एमएन 7283 को बरामद किया। इसके बाद जब आरोपी से अन्य मामलों के संबंध में सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने नानू उर्फ राज शुक्ला और बाली उर्फ साहब अहिरवार के साथ मिलकर कई बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की जानकारी दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उनके कब्जे से कुल चार चोरी की बाइकें जब्त की हैं। सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं, इस गिरोह में शामिल दो नाबालिगों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत अलग से कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों तक पहुंचना संभव हो सका। पुलिस अन्य चोरी की वारदातों में भी इन आरोपियों की संलिप्तता की जांच कर रही है। मामले के खुलासे से क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह पर बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।