सागर बुंदेलखंड की 10 बड़ी चर्चित खबरे जो बनी सुर्खियां !

Spread the love
  1. रिषि अहिरवार की हत्या मामले में शव बरामद सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता युवक रिषि अहिरवार का शव मंगलगिरी के जंगल में जमीन में गड़ा हुआ मिला। आरोपियों ने हत्या के बाद शव पर नमक डालकर डीकंपोज करने की कोशिश की थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद किया और घटनास्थल से खून लगे पत्थर, रस्सी और नमक के पैकेट भी मिले। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शव को लेकर परिजनों ने संजय ड्राइव मार्ग पर चक्काजाम किया, और आरोपी के मकान को गिराने व आर्थिक सहायता की मांग की। पुलिस के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ। रिषि 7 दिसंबर को ऑटो लेकर घर से निकला था और वापस नहीं लौटा था। आरोपी गोलू पटेल को हिरासत में लिया गया, जिसने हत्या की बात कबूली। पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है।
  2. सुरखी में नकली सोने की मालाओं से ठगी सुरखी में एक महिला से नकली सोने की मालाएं बेचकर चार लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला को असली चांदी का सिक्का और सोने का गुरिया दिखाकर विश्वास जीत लिया, फिर महिला से नकली मालाएं खरीदवाईं। जांच में मालाएं पीतल की निकलीं। महिला ने बरमान चौकी में शिकायत दर्ज कराई, और पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
  3. नेशनल हाईवे पर नर तेंदुए की मौत दक्षिण वन मंडल के पास नेशनल हाईवे पर एक नर तेंदुए का शव मिला है। वन विभाग के अनुसार, तेंदुए की मौत अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई है। तेंदुए के मुंह और खोपड़ी समेत शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। शव को जबलपुर वेटरनरी कॉलेज भेजा गया है।
  4. चिटफंड धोखाधड़ी में आरोपी को सजा चिटफंड धोखाधड़ी के मामले में लक्ष्मी नारायण नामदेव को पांच साल की सश्रम कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई गई है। आरोपी ने निवेशकों से फर्जी स्कीमों के जरिए लाखों रुपये जमा किए और बाद में मूल दस्तावेज लेकर फरार हो गया। अन्य दो आरोपी अभी फरार हैं।
  5. इटारसी रेलवे स्टेशन पर औचक निरीक्षण इटारसी रेलवे स्टेशन पर टिकट काउंटर में साढ़े चार लाख रुपये कम मिलने के बाद जबलपुर से लेखाधिकारी ने बीना रेलवे जंक्शन का औचक निरीक्षण किया। जांच में कैश सही पाया गया, हालांकि इटारसी में विजिलेंस टीम की छापेमारी में काउंटर में गड़बड़ी पाई गई थी, जिसके बाद दो महिला रेलकर्मियों को निलंबित किया गया।
  6. श्री भगवत रसिक देवजू महाराज की पावन जन्मस्थली पर भक्तमाल कथा गडाकोटा के पटैरिया धाम में श्री भगवत रसिक देवजू महाराज की पावन जन्मस्थली पर भव्य श्री भक्तमाल कथा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए। पूर्व मंत्री और विधायक गोपाल भार्गव ने आयोजन की पहल की, और स्वामी श्री किशोर दास देवजू महाराज ने भक्तमाल कथा के माध्यम से भगवान के भक्तों के जीवन और भक्ति के महत्व पर चर्चा की।
  7. हम होंगे कामयाब अभियान का समापन महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित हम होंगे कामयाब अभियान का समापन चकराघाट पर बड़ी संख्या में महिलाओं और बेटियों की उपस्थिति में हुआ। जिला न्यायाधीश दिनेश सिंह राणा और किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य वंदना तोमर ने कार्यक्रम में भाग लिया। महिलाओं और बेटियों ने हस्ताक्षर कर अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की, और दीपदान कर महिला सशक्तिकरण का संकल्प लिया।
  8. गीता जयंती महोत्सव का आयोजन सागर के महाकवि पदमाकर सभागार में गीता जयंती के पावन अवसर पर गीता महोत्सव का आयोजन किया गया। खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने इस मौके पर श्रीमद्भागवद गीता के उपदेशों के महत्व को बताया। महापौर संगीता तिवारी ने गीता को जीवन के सार्थकता सिद्ध करने का माध्यम बताया।
  9. वीरांगना दुर्गावती टाईगर रिजर्व में विस्थापितों को मुआवजा वीरांगना दुर्गावती टाईगर रिजर्व के तहत विस्थापितों की मुआवजा प्रक्रिया को लेकर अपर कलेक्टर रुपेश उपाध्याय की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में विस्थापितों के दस्तावेजों का परीक्षण किया गया, और सत्यापित परिवारों को जल्द मुआवजा राशि हस्तांतरित करने के निर्देश दिए गए।
  10. खुरई में 20 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन खुरई नगर के विभिन्न वार्डों में 20 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन पूर्व गृहमंत्री और खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ने किया। इन कार्यों में पीएम आवास योजना, स्मार्ट पार्किंग, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, हनौता पर्यटन क्षेत्र का विकास, और अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *