सागर में अविराज सिंह ने बांदकपुर धाम में किए दर्शन, श्रीराम कथा एवं हनुमान जी प्राण-प्रतिष्ठा का आमंत्रण अर्पित !

Spread the love

युवा नेता अविराज सिंह ने दमोह जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल देव श्री जागेश्वर नाथ मंदिर, बांदकपुर धाम पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और प्रभु चरणों में श्रीराम कथा एवं भगवान श्री हनुमान जी की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर समिति एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों से आयोजन में सम्मिलित होने का आग्रह किया।

अविराज सिंह ने सागर स्थित रुद्राक्ष धाम में आयोजित होने जा रहे सात दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव एवं नवनिर्मित श्री दक्षिणमुखी हनुमान जी मंदिर की भव्य प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह धार्मिक आयोजन न केवल आस्था से जुड़ा हुआ है, बल्कि नगर एवं क्षेत्र की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना को भी सशक्त करेगा।

उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि रुद्राक्ष धाम मंदिर प्रांगण, सागर में 31 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक सात दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव का आयोजन प्रस्तावित है। वहीं 1 फरवरी 2026 को नवनिर्मित श्री दक्षिणमुखी हनुमान जी मंदिर में विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भव्य प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम संपन्न होगा।

इस पावन आयोजन में प्रयागराज से पधारे सुप्रसिद्ध श्रीराम कथा वाचक पं. श्री प्रेमभूषण जी महाराज के श्रीमुख से प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक भगवान श्रीराम की दिव्य एवं प्रेरणादायी कथा का रसपान श्रद्धालुओं को कराया जाएगा। कथा के माध्यम से मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्श जीवन, धर्म, मर्यादा एवं भक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचेगा।

आयोजन समिति द्वारा इस धार्मिक अनुष्ठान की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न समितियां गठित की गई हैं। कार्यक्रम में सागर सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, संतजनों एवं धर्मप्रेमी नागरिकों की सहभागिता अपेक्षित है।

इसके अतिरिक्त अविराज सिंह ने दमोह लोकसभा क्षेत्र के सांसद माननीय श्री राहुल सिंह लोधी जी की सुपुत्री संस्था सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सांसद श्री लोधी के निवास पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से भेंट की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

अविराज सिंह ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सांस्कृतिक एकता एवं आध्यात्मिक चेतना का विस्तार होता है और सभी नागरिकों को इसमें सहभागिता करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *