सागर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नमक मंडी इलाके में मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात अराजक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। घर के बाहर सड़क किनारे खड़ी एक व्यापारी की कार को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने डंडों से तोड़फोड़ कर दी। इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें तीन बदमाश कार को नुकसान पहुंचाते साफ नजर आ रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नमक मंडी निवासी व्यापारी वीरू साहू के घर में वाहन पार्किंग की सुविधा नहीं है। इसी कारण वह रोज की तरह मंगलवार रात अपनी कार घर के सामने सड़क किनारे खड़ी कर अंदर चले गए। देर रात करीब 12 बजे तीन अज्ञात बदमाश चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए मौके पर पहुंचे। उनके हाथों में डंडे थे। बदमाश दौड़ते हुए आए और कार के शीशों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
कुछ ही मिनटों में कार के शीशे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना के समय आसपास सन्नाटा था, जिससे किसी को भनक नहीं लगी।

बुधवार सुबह जब व्यापारी वीरू साहू ने कार की हालत देखी तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें तीन बदमाश कार में तोड़फोड़ करते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।
सीसीटीवी फुटेज में देखा गया है कि तीनों बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे और चेहरे ढंके होने के कारण उनकी पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान व तलाश शुरू कर दी गई है।

इस घटना के बाद नमक मंडी क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने रात में गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल कोतवाली पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और शहर में बढ़ती इस तरह की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।