सागर | कलेक्टर संदीप जी आर की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में आरसेटी सागर में कृषक सहयोग संस्थान द्वारा आयोजित दस दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का 29 जनवरी 2026 को सफलतापूर्वक समापन किया गया। इस प्रशिक्षण में 8 गांवों के 33 दिव्यांग प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और विभिन्न कौशल विकास गतिविधियों में प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को व्यावसायिक कौशल और आत्मनिर्भर बनने के उपाय सिखाए गए, जिससे वे अपने रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ा सकें। प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत सभी प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री मुद्रा लोन के लिए आवेदन करने का अवसर भी प्रदान किया गया, जिससे वे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें।

समापन समारोह में प्रतिभागियों को 10 दिवसीय प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर रजत सोनी, सामाजिक न्याय विभाग से जेडी डीएस यादव, आरसेटी की निर्देशक मती गायत्री, और आजीविका मिशन से राधे तिवारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रतिभागियों की ओर से आभार प्रदर्शन केंद्र समन्वयक चंद्रप्रकाश सेन ने किया।
कार्यक्रम के दौरान कृषक सहयोग संस्थान सागर की टीम के प्रशांत सेन, हरनाम सिंह चढ़ार और निखिल भी उपस्थित रहे और उन्होंने प्रशिक्षण संचालन में सहयोग प्रदान किया।

कलेक्टर संदीप जी आर ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम दिव्यांगजन समुदाय के लिए स्वावलंबन और रोजगार सृजन के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगे भी इस तरह के कौशल विकास और रोजगार सृजन प्रशिक्षण नियमित रूप से आयोजित किए जाएं।
इस प्रशिक्षण से प्रतिभागियों को न केवल व्यावसायिक ज्ञान और कौशल प्राप्त हुआ, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का मार्ग भी स्पष्ट हुआ।