सागर में ईद मिलाद उन नबी पर बाइक रैली में विवादित नारे, हिंदू संगठनों ने जताई आपत्ति; पुलिस ने शुरू की जांच !

Spread the love

सागर। शहर में गुरुवार को ईद मिलाद उन नबी पर निकाली गई बाइक रैली में “सर तन से जुदा” जैसे विवादित नारे लगाए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना तीनबत्ती तिराहे की बताई जा रही है। शुक्रवार को इसका वीडियो सामने आते ही हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

क्या है मामला?

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को वर्ग विशेष के युवकों ने राहतगढ़ बस स्टैंड से बाइक रैली निकाली थी। रैली बड़ा बाजार, बस स्टैंड, परकोटा से होते हुए कटरा बाजार और तीनबत्ती तिराहे पर पहुंची। इसी दौरान कुछ युवकों ने गुस्ताख-ए-रसूल की एक सजा, सर तन से जुदा जैसे नारे लगाए। इसका वीडियो वायरल होते ही मामला तूल पकड़ गया।

हिंदू संगठनों ने किया विरोध

हिंदू जागरण मंच के उमेश सराफ सहित अन्य संगठन कार्यकर्ता कोतवाली थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि इस तरह के नारे शहर की अमन-शांति और भाईचारे को बिगाड़ने का प्रयास है। ऐसे कृत्यों से समाज में आक्रोश फैल रहा है। संगठनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस की जांच जारी

एडिशनल एसपी लोकेश सिन्हा ने बताया कि वीडियो को संज्ञान में लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी युवक नारे लगाते हुए पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि शहर का माहौल खराब करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

शहर में बढ़ी संवेदनशीलता

विवादित नारे सामने आने के बाद शहर में संवेदनशीलता का माहौल बन गया है। पुलिस ने एहतियातन निगरानी तेज कर दी है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *