सागर में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने 14–15 वर्ष की बेटियों के लिए सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान की शुरुआत !

Spread the love

सागर, 28 फरवरी 2026।
सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बेटियों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से सागर जिले में टीकाकरण अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रहली विधानसभा क्षेत्र के गढ़ाकोटा में आयोजित कार्यक्रम में 14 एवं 15 वर्ष की बालिकाओं को वैक्सीन लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रारंभ किए गए “सर्वाइकल कैंसर मुक्त अभियान” के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है।

गुनगुन दुबे को लगा पहला टीका

कार्यक्रम के दौरान गढ़ाकोटा के महाराणा प्रताप वार्ड की 14 वर्षीय कक्षा नवमी की छात्रा गुनगुन दुबे (पिता श्री सतीश दुबे) को वैक्सीन लगाकर अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाली एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर टीकाकरण से इससे प्रभावी बचाव संभव है।

जनसहभागिता की अपील

श्री शुक्ल ने जिले एवं प्रदेश के नागरिकों से अपील की कि वे अपने परिवार, पड़ोस और मोहल्ले की 14–15 वर्ष की सभी बेटियों को यह वैक्सीन अवश्य लगवाएं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश को सर्वाइकल कैंसर मुक्त बनाने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी आवश्यक है।

उन्होंने यह भी कहा कि टीकाकरण को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति या अफवाहों पर ध्यान न दें और स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों का पालन करें।

जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में विधायक एवं पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव, अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत, एसडीएम श्री कुलदीप पाराशर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ममता तिमोरे, विकासखंड स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सूर्यांश सिंघई सहित अन्य प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

चरणबद्ध तरीके से चलेगा अभियान

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि निर्धारित आयु वर्ग की बालिकाओं का टीकाकरण चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं इस टीकाकरण का लाभ उठा सकें।

जिला प्रशासन ने अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे अपनी बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य के लिए इस अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *