सागर में कपड़ा व्यापारी सुसाइड केस में नया मोड़, परिजनों ने पुलिस को सौंपी डायरी !

Spread the love

सागर के कोतवाली थाना क्षेत्र में कपड़ा व्यापारी की आत्महत्या के मामले में सोमवार को नया मोड़ सामने आया है। मृतक के परिजनों ने कोतवाली थाने पहुंचकर मामले से जुड़े अहम साक्ष्य पुलिस को सौंपे हैं। परिजनों ने मृतक व्यापारी की एक निजी डायरी सहित कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज जांच अधिकारी को दिए हैं, जिनमें बड़े पैमाने पर पैसों के लेनदेन का उल्लेख किया गया है।

परिजनों के अनुसार, मृतक की डायरी में करीब एक करोड़ रुपये के लेनदेन का हिसाब-किताब दर्ज है। इसके साथ ही कुछ ऐसे लोगों के नाम भी लिखे हुए हैं, जिनसे मृतक का आर्थिक लेनदेन चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि अत्यधिक ब्याज वसूली और लगातार दबाव के कारण मृतक मानसिक तनाव में था। कोतवाली पुलिस ने परिजनों द्वारा सौंपे गए सभी साक्ष्यों को जांच में शामिल कर लिया है।

उल्लेखनीय है कि बाहुबली कॉलोनी निवासी विकास जैन उर्फ मोगली का 5 फरवरी को निधन हो गया था। इस घटना के बाद परिजनों ने सूदखोरों पर गंभीर आरोप लगाते हुए माता मढ़िया तिराहे पर चक्काजाम किया था। परिजनों का कहना था कि पैसों के लेनदेन को लेकर विकास को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गया और यह कदम उठाने को मजबूर हुआ।

मृतक के भाई सुधीर जैन ने बताया कि विकास कपड़ा व्यापार के साथ-साथ प्रॉपर्टी से जुड़ा काम भी करता था। इसी सिलसिले में उसने कुछ लोगों से कर्ज लिया था। डायरी और कथित सुसाइड नोट में विकास ने लिखा है कि उससे 30 प्रतिशत तक की दर से ब्याज वसूला जा रहा था। एक मामले में उसने छह लाख रुपये के बदले तेरह लाख रुपये चुका दिए थे, इसके बावजूद उससे अभी भी ग्यारह लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की जा रही थी।

परिजनों का यह भी आरोप है कि मृतक को कोर्ट से नोटिस मिलने के बाद तनाव और बढ़ गया था। वह लगातार चिंता में रहता था और इसी मानसिक प्रताड़ना के चलते उसकी हालत बिगड़ती चली गई। मृतक के भाई ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और परिजनों द्वारा दिए गए साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *