सागर में कलेक्टर संदीप जी आर ने खाद वितरण और दशहरा तैयारियों को लेकर कड़ी चेतावनी दी !

Spread the love

कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने खाद उर्वरक वितरण और दशहरा महोत्सव को लेकर अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए हैं। खाद उर्वरक की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सबसे पहले छोटे किसानों को प्राथमिकता से खाद उपलब्ध कराई जाए। निजी दुकानदार डबल लॉक से वितरण करें और सभी वितरण केंद्रों पर पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों की ड्यूटी सुनिश्चित हो। किसान संगोष्ठियों में एनपीके और डीएपी के उपयोग तथा प्राकृतिक खेती की जानकारी दी जाए।

कलेक्टर ने कहा कि खाद वितरण सुबह 6 बजे से प्रारंभ किया जाए और किसानों को टोकन एवं उपलब्धता की पूर्व जानकारी दी जाए। किसी भी तरह की गड़बड़ी, कालाबाजारी या अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई की जाए।

दूसरी ओर, दशहरा और रावण दहन की तैयारियों का भी कलेक्टर ने बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि रावण दहन, चल समारोह और दुर्गा पूजा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हों। विशेष रूप से रहवासी क्षेत्रों में पटाखा बिक्री और स्टोरिंग पर सख्त रोक लगाई जाए और जब्ती की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर ने कहा कि रावण दहन और महोत्सव स्थलों पर फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था पूर्व से सुनिश्चित हो। कटरा चौकी सहित प्रमुख स्थानों पर आवश्यक आपात व्यवस्थाएं रहें। उन्होंने दुर्गा प्रतिमा पंडाल समितियों से सभी सदस्यों की सूची और संपर्क नंबर अपने पास रखने को भी कहा।

कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सभी कार्यक्रमों को शांति, सुरक्षा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराना है, तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *