सागर, 2 जुलाई 2025।
मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ अशोकनगर जिले के मुंगावली थाना में दर्ज एफआईआर को लेकर प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है। इसी क्रम में बुधवार को सागर में कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन करते हुए कोतवाली थाने का घेराव किया और ज्ञापन सौंपकर एफआईआर को राजनीति से प्रेरित और झूठा बताया।

तीनबत्ती तिराहे से पैदल मार्च, थाने तक पहुंचे कार्यकर्ता
बुधवार दोपहर तीनबत्ती तिराहे पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए और “झूठी एफआईआर वापस लो”, “सच बोलना गुनाह नहीं” जैसे नारों के साथ पैदल मार्च करते हुए कोतवाली थाने पहुंचे। यहां उन्होंने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा और एफआईआर को निरस्त करने की मांग की।
ज्ञापन में लगाए गंभीर आरोप
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि 25 जून को जीतू पटवारी ओरछा दौरे पर थे। इस दौरान गजराज लोधी और रघुराज लोधी, निवासी मुडरा, उनसे मिले। इन पर आरोप था कि सरपंच के पुत्र विकास व उसके साथियों ने उनसे मारपीट कर बाइक छीन ली थी। बाद में इन दोनों युवकों के जरिए यह बयान दिलवाया गया कि उन्हें मानव मल खिलाया गया, जिसका वीडियो भी सामने आया।

शपथ पत्र पर दबाव में लिए बयान?
कांग्रेस का आरोप है कि जैसे ही यह मामला वायरल हुआ, जिला प्रशासन की छवि बचाने के लिए कलेक्टर अशोकनगर ने दोनों युवकों पर दबाव डालकर शपथ पत्र दिलवाया। एफआईआर में वही बातें आधार बनाई गई हैं जो शपथ पत्र में लिखवाई गई थीं। कांग्रेस ने इसे प्रशासन और सत्ता का दुरुपयोग करार दिया है।
मोहन यादव डरे हुए मुख्यमंत्री – कांग्रेस
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार पचौरी ने कहा, “मुख्यमंत्री मोहन यादव इतने डरे हुए हैं कि अगर हमारे प्रदेश अध्यक्ष एक गरीब पीड़ित की आवाज उठाते हैं, तो उनके खिलाफ झूठे मामले दर्ज करवा दिए जाते हैं। यह एफआईआर पूरी तरह से मनगढ़ंत है और इसे तुरंत वापस लिया जाना चाहिए।”
साजिश के तहत कार्रवाई का आरोप
कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई को विपक्ष को दबाने की साजिश बताया और कहा कि जीतू पटवारी सिर्फ पीड़ितों की आवाज बने थे, न कि किसी बयान को उकसाने वाले। कांग्रेस ने स्पष्ट कहा है कि अगर यह एफआईआर वापस नहीं ली गई तो पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
- कांग्रेस ने एफआईआर को बताया झूठा और राजनीति से प्रेरित
- पैदल मार्च कर कोतवाली थाने पहुंचकर ज्ञापन सौंपा
- कलेक्टर पर शपथ पत्र के लिए दबाव बनाने का आरोप
- कांग्रेस बोली – जीतू पटवारी ने सिर्फ पीड़ितों की बात रखी
- मुख्यमंत्री पर राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई करने का आरोप
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 909619237