सागर, 28 अगस्त 2025।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन सागर ने कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ममता तिमोरी के मार्गदर्शन में शहर भर में जंक फूड, स्ट्रीट फूड और किराना दुकानों पर निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान कई जगहों पर अनियमितताएं पाई गईं और जिम्मेदार विक्रेताओं पर वैधानिक कार्यवाही की गई।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी दल ने बताया कि कटरा मिनिसिपल स्कूल के पास स्थित चाट चौपाटी के निरीक्षण के दौरान इंडियन मसाला डोसा और दिगम्बर चाट सेंटर पर आवश्यक रजिस्ट्रेशन नहीं पाया गया। वहीं, श्रीनाथ पाव भाजी द्वारा दो-दो प्रतिष्ठान एक ही रजिस्ट्रेशन पर संचालित किए जाते मिले। इन सभी मामलों पर सक्षम न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किए जाएंगे।

इसी तरह, बस स्टैंड स्थित गब्बर चाट पर विक्रय हेतु रखे गए सामोसों का प्राथमिक स्तर पर चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला से परीक्षण कराया गया। रिपोर्ट निगेटिव आने पर इन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। इसके अलावा दुकान पर साफ-सफाई और स्वच्छता से संबंधित कमियां पाई जाने पर सुधार सूचना जारी की गई।

नवीन किराना, बस स्टैंड पर विक्रय के लिए रखे गए पैक्ड समोसे बिना लेबल और आवश्यक जानकारी के पाए गए। इनका भी नमूना संग्रहित कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी खाद्य प्रतिष्ठानों पर सतत निगरानी जारी रहेगी और जो भी विक्रेता नियमों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की कि वे खाद्य सामग्री खरीदते समय लेबल, रजिस्ट्रेशन और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें।