सागर। अंतरराष्ट्रीय हालात और संभावित आपूर्ति संकट की आशंका के बीच शहर में एलपीजी गैस सिलेंडर की मांग अचानक बढ़ गई है। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने के साथ ही तेल कंपनियों ने रिफिलिंग और नए कनेक्शन से जुड़े नियमों में भी बदलाव कर दिए हैं। हालात ऐसे हैं कि पिछले कुछ दिनों में गैस एजेंसियों पर बिक्री करीब 20 प्रतिशत तक बढ़ गई है, जिससे उपभोक्ताओं में गैस की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ने लगी है।
रिफिलिंग के अंतराल में बदलाव
गैस एजेंसी संचालकों के मुताबिक तेल कंपनियों ने गैस रिफिलिंग के नियमों में बदलाव किया है। पहले जहां एक सिलेंडर की बुकिंग के बाद 15 दिन में दूसरी बुकिंग की जा सकती थी, अब यह अंतराल बढ़ाकर करीब 25 दिन कर दिया गया है।
यदि उपभोक्ता बुकिंग करा भी लेते हैं तो कई मामलों में तुरंत बिल जारी नहीं किया जा रहा है। एजेंसियों का कहना है कि बुकिंग का आकलन उपभोक्ता की पिछली बुकिंग और खपत के आधार पर किया जाएगा।
नए कनेक्शन पर भी असर
शहर की कुछ गैस एजेंसियों ने दो सिलेंडर वाले नए घरेलू गैस कनेक्शन देना अस्थायी रूप से बंद कर दिए हैं। हालांकि इस संबंध में एजेंसी संचालक और तेल कंपनियों के अधिकारी आधिकारिक रूप से किसी प्रकार की कमी या प्रतिबंध की पुष्टि नहीं कर रहे हैं। उनका कहना है कि फिलहाल गैस, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई पर कोई असर नहीं पड़ा है।

बुकिंग को लेकर उपभोक्ताओं में भ्रम
एजेंसियों और तेल कंपनियों के अलग-अलग निर्देशों के कारण उपभोक्ताओं के बीच बुकिंग को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है। कहीं 21 दिन तो कहीं 25 दिन या एक महीने के अंतराल की बात कही जा रही है।
इंडेन गैस के उपभोक्ता विनय शुक्ला ने बताया कि जिस टोल-फ्री नंबर से वे हमेशा गैस बुकिंग करते थे, वह शनिवार को उपलब्ध नहीं मिला। बाद में हॉकर ने दूसरा टोल-फ्री नंबर बताया, जिस पर मिस्ड कॉल से बुकिंग की सुविधा थी, लेकिन उससे भी बुकिंग नहीं हो सकी।
वहीं एचपी गैस की उपभोक्ता श्रुति दुबे ने बताया कि जब उन्होंने टोल-फ्री नंबर पर फोन किया तो संदेश मिला कि 15 दिन के बाद ही बुकिंग की जा सकेगी।
घरेलू सिलेंडर हुआ 935.50 रुपए
सरकारी तेल कंपनियों ने 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए और 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 114 रुपए की बढ़ोतरी की है।
इस बढ़ोतरी के बाद सागर में
- घरेलू सिलेंडर की कीमत 875.50 रुपए से बढ़कर 935.50 रुपए हो गई है।
- कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1828.50 रुपए से बढ़कर 1942.50 रुपए हो गई है।
नई दरें 7 मार्च से लागू कर दी गई हैं।
जिले में एलपीजी की स्थिति
सागर जिले में एलपीजी गैस की व्यवस्था का आंकड़ा इस प्रकार है:
- कुल गैस एजेंसियां: 48
- कुल उपभोक्ता: करीब 6.25 लाख
- पहले रोजाना बिक्री: 7 से 8 हजार सिलेंडर
- अब रोजाना बिक्री: करीब 10 हजार सिलेंडर
कालाबाजारी बढ़ने की आशंका
शहर की कुछ गैस एजेंसियों पर लगाए गए पम्पलेट में दावा किया गया है कि भविष्य में गैस संकट की आशंका को देखते हुए पेट्रोलियम मंत्रालय ने कमर्शियल और इंडस्ट्रियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई पर रोक लगाने का आदेश दिया है।
बताया जा रहा है कि प्राइवेट रिफाइनरी अब केवल सरकारी कंपनियों को ही गैस सप्लाई करेंगी। साथ ही एक मोबाइल नंबर से एक महीने में सिर्फ एक सिलेंडर दिए जाने की बात भी कही जा रही है।
अगर कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होती है तो इसका सीधा असर होटल, ढाबा और रेस्तरां व्यवसाय पर पड़ेगा। ऐसी स्थिति में घरेलू सिलेंडरों की कालाबाजारी बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
पेट्रोल-डीजल को लेकर भी सतर्कता
इधर नरयावली स्थित ऑयल डिपो पर पिछले दो दिनों से पेट्रोल और डीजल सप्लाई के लिए आने वाले टैंकरों की संख्या बढ़ गई है। इस वजह से डिपो प्रबंधन ने शनिवार को सप्लाई का समय भी बढ़ा दिया।
टैंकर यूनियन के सदस्य सचिन यादव के मुताबिक शनिवार को डिपो से रात 8 बजे तक पेट्रोल-डीजल की सप्लाई जारी रही। कई पेट्रोल पंप संचालक अब सिर्फ रोज की खपत के बजाय अतिरिक्त स्टॉक भी लेने लगे हैं, क्योंकि उन्हें अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण भविष्य में कीमत बढ़ने या सप्लाई प्रभावित होने की आशंका है।
हालांकि सागर जिला पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के सचिव सौरभ रांधेलिया का कहना है कि जिले में पेट्रोल-डीजल की सप्लाई सामान्य है और मांग के अनुसार ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले में तीन सरकारी और दो निजी कंपनियों के करीब 110 पेट्रोल पंप संचालित हैं।