सागर में चाकूबाजों पर पुलिस का शिकंजा, मोतीनगर पुलिस ने 6 बदमाशों को दबोचा !

Spread the love

सागर। शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में मोतीनगर थाना पुलिस ने कटरबाज और चाकूबाज बदमाशों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 3 आरोपियों के कब्जे से अवैध धारदार खटकेदार चाकू बरामद किए गए हैं, जबकि अन्य 3 असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना क्षेत्र के धर्मपुरा मरघटा, काकागंज और महलवार मंदिर रोड क्षेत्र में कुछ बदमाश हथियार लेकर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर मोतीनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग टीमों का गठन किया और बताए गए स्थानों पर दबिश दी।

आर्म्स एक्ट के तहत तीन आरोपी गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध हथियार रखने वाले तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में

  • सुरेन्द्र पिता मोहन कोरी (20 वर्ष), निवासी बल्लभगनगर वार्ड
  • सुब्बी उर्फ शुभम पिता रज्जन अहिरवार (28 वर्ष), निवासी संत रविदास वार्ड
  • पप्पू पिता लक्ष्मन अहिरवार (32 वर्ष), निवासी भगवानगंज

शामिल हैं। तीनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक लोहे का धारदार खटकेदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपियों को थाने लाकर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।

तीन असामाजिक तत्वों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

इसके साथ ही पुलिस ने संज्ञेय अपराध करने की मंशा से घूम रहे तीन अन्य असामाजिक तत्वों को घेराबंदी कर पकड़ा। इनमें

  • गजेन्द्र पिता चुन्नीलाल पटैल (39 वर्ष), निवासी ग्राम भैंसा
  • नीतेश पिता मगनलाल कोरी (30 वर्ष), निवासी ग्राम भैंसा
  • मनीष पिता जालम जाटव (23 वर्ष), निवासी बल्लभगनगर वार्ड

शामिल हैं। तीनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

अपराधिक रिकॉर्ड वाले आरोपी भी शामिल

मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सुरेन्द्र कोरी पर पहले से 2 आपराधिक प्रकरण, जबकि सुब्बी उर्फ शुभम पर 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी मनीष जाटव भी आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है। थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

पुलिस ने सभी आरोपियों को जुलूस के रूप में न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है और आम नागरिकों ने पुलिस की सख्ती का स्वागत किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *