जिला चिकित्सालय सागर में 10 जनवरी से आयोजित बैडमिंटन टूर्नामेंट इन दिनों कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच खासा उत्साह और खेल भावना का केंद्र बना हुआ है। इसी क्रम में कल रविवार को टूर्नामेंट के अंतर्गत एक विशेष ग्रुप में फैमिली कपल के बीच मुकाबले खेले जाएंगे। इस अनूठी श्रेणी में जिला चिकित्सालय के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल स्टाफ, प्रशासनिक स्टाफ सहित अन्य मेडिकल कर्मियों की टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें पति-पत्नी में से कम से कम एक शासकीय सेवक होना अनिवार्य है। प्रत्येक टीम का मुकाबला इसी प्रकार की दूसरी टीम से कराया जाएगा।
इस टूर्नामेंट में महिला एकल, पुरुष एकल, युगल एवं मिक्स्ड डबल्स श्रेणियों के रोमांचक मुकाबले लगातार खेले जा रहे हैं। टूर्नामेंट का शुभारंभ 10 जनवरी को संभागीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं सागर डॉ. नीना गिडियन एवं सिविल सर्जन डॉ. आर. एस. जयंत द्वारा किया गया था। उद्घाटन अवसर पर डॉ. नीना गिडियन ने स्वयं पहला मैच खेला और विजयी रहीं, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह और अधिक बढ़ गया।

वर्तमान में टूर्नामेंट के लीग मैच चल रहे हैं। प्रत्येक शाम ड्यूटी समाप्त होने के बाद लगभग 70 से 90 चिकित्सक एवं कर्मचारी शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक जिला चिकित्सालय परिसर में नवनिर्मित बैडमिंटन कोर्ट पर पहुंचकर खेल का आनंद ले रहे हैं, वहीं कई कर्मचारी दर्शक के रूप में भी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं।
आयोजन समिति के अनुसार अगले सप्ताह क्वार्टरफाइनल और सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि शनिवार 24 जनवरी को सभी श्रेणियों के फाइनल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। टूर्नामेंट के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. अभिषेक ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे तथा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।

टूर्नामेंट में कुल 144 खिलाड़ियों ने विभिन्न श्रेणियों में अपनी एंट्री करवाई है। उल्लेखनीय है कि यह मध्यप्रदेश के किसी भी जिला चिकित्सालय में आयोजित होने वाला एकमात्र ऐसा बैडमिंटन टूर्नामेंट है। गत वर्ष जनवरी में भी इसका सफल आयोजन किया गया था, जिसके सकारात्मक अनुभव को देखते हुए इस वर्ष कर्मचारियों एवं अधिकारियों की सहभागिता और अधिक बढ़ी है।
स्वास्थ्य सेवाओं में दिन-रात समर्पित रहने वाले मेडिकल स्टाफ के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से ऐसी खेल गतिविधियों को राज्य स्तर से भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के बीच तनाव को कम करना, आपसी समन्वय को मजबूत करना तथा खेल भावना के माध्यम से सौहार्दपूर्ण वातावरण का निर्माण करना है।