सागर में जैविक/प्राकृतिक हाट बाज़ार का तीसरा आयोजन सफल, एक लाख रुपये से अधिक की बिक्री !

Spread the love

सागर।
कलेक्टर श्री संदीप जी. आर. के निर्देशन में कृषि विभाग एवं आत्मा परियोजना सागर की पहल पर आयोजित जैविक/प्राकृतिक हाट बाज़ार का तीसरा आयोजन रविवार को पीटीसी ग्राउंड के समीप सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। हाट बाज़ार में किसानों और उपभोक्ताओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली, जिससे यह पहल जिले में तेजी से लोकप्रिय हो रही है।

हाट बाज़ार में जैविक सब्जियां, फल, अनाज, दालें, मसाले एवं विभिन्न प्राकृतिक प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद बिक्री हेतु उपलब्ध रहे। उपभोक्ताओं ने उत्पादों की गुणवत्ता, शुद्धता एवं उचित मूल्य की सराहना की, वहीं किसानों ने बताया कि इस व्यवस्था से उन्हें अपनी उपज का सही और लाभकारी मूल्य मिल रहा है।

इस अवसर पर 25 से अधिक जैविक एवं प्राकृतिक उत्पाद विक्रेताओं ने भाग लिया तथा लगभग 300 से 350 उपभोक्ताओं ने सीधे किसानों से खरीदारी की। हाट बाज़ार में कुल मिलाकर लगभग 1 लाख रुपये के रसायन-मुक्त एवं जैविक खाद्य उत्पादों की बिक्री दर्ज की गई।

नागरिकों ने जैविक/प्राकृतिक हाट बाज़ार को नियमित रूप से आयोजित करने की मांग करते हुए इसे किसानों की आय वृद्धि के साथ-साथ आमजन को स्वस्थ एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया। कृषि विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह हाट बाज़ार अब प्रत्येक रविवार नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *