सागर, मध्य प्रदेश | 10 अक्टूबर 2025
सागर जिले में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त करने की घटनाओं के विरोध में भीम आर्मी, अहिरवार समाज और अहिरवार महासभा के सदस्यों ने शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने 6 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपने की कोशिश की, लेकिन प्रशासन की अनिच्छा और लंबी बातचीत के कारण स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

प्रदर्शनकारी पहले खेल परिसर में एकत्र हुए और वहां से रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय के गेट नंबर दो तक पहुंचे। ज्ञापन सौंपने के लिए प्रयास किया गया, लेकिन कलेक्टर के अनुपस्थित रहने के कारण समाज के लोग सड़क पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि जब तक कलेक्टर कार्यालय से उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, वे वहीं बैठेंगे।
अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया और प्रतिनिधि मंडल को सिटी मजिस्ट्रेट अमन मिश्रा से मिलवाने की बात कही। लेकिन प्रदर्शनकारी सहमत नहीं हुए। इस बीच युवा नारेबाजी करने लगे, जिसके बाद अधिकारियों और प्रतिनिधियों के बीच पुनः बातचीत हुई। अंततः समाज के प्रतिनिधियों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में रखी गई प्रमुख मांगें
- डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त करने वालों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई।
- नए प्रतिमा का निर्माण और उसकी सुरक्षित स्थापना।
- प्रतिमा के आसपास सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु सीसीटीवी कैमरे लगवाना और नियमित निगरानी।
- बांदरी नगर परिषद के सीएमओ को निलंबित करने की मांग।
- कटरबाजों पर कड़ी कार्रवाई।
- तालाब के एलिवेटेड कॉरिडोर पर सुरक्षा छाली लगवाना।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे, जिन्होंने नारेबाजी करते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

समाज का संदेश और प्रशासन की भूमिका
समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन केवल प्रतिमाओं की सुरक्षा और सामुदायिक सम्मान की रक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन ने समय पर कार्रवाई नहीं की, तो वे लगातार आंदोलन करेंगे और चेतावनी दी कि यह आंदोलन शांतिपूर्ण रहते हुए भी तीव्र रहेगा।
इस प्रदर्शन में भीम आर्मी और अहिरवार महासभा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं स्थानीय युवा सक्रिय रूप से मौजूद रहे, जिन्होंने प्रशासन पर दबाव बनाने और न्याय की माँग करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237