सागर में दिनदहाड़े बड़ी चोरी, सूने मकान से नकदी-जेवर ले उड़े बदमाश, चाकू दिखाकर फरार !

Spread the love

सागर शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत एमआईजी कॉलोनी में शुक्रवार को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बेखौफ बदमाशों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए ताले तोड़कर नकद और कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोरी के दौरान मकान मालिक के बेटे के पहुंचने पर आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसे धमकाया और फरार हो गए। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार एमआईजी कॉलोनी स्थित मकान नंबर-8 निवासी कल्पना रावत अपने बेटे का इलाज कराने शुक्रवार को अस्पताल गई थीं। घर सूना होने का फायदा उठाकर तीन बदमाशों ने मकान का मुख्य ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकद रुपये निकाल लिए।

इलाज कराकर घर लौटने पर जब परिवार के लोग पहुंचे, तो उन्होंने घर के बाहर एक युवक को खड़ा देखा। संदेह होने पर जैसे ही वे अंदर पहुंचे, तो अंदर के दरवाजे का ताला टूटा मिला। इसी दौरान घर के अंदर मौजूद दो बदमाश भागते हुए दिखाई दिए। मकान मालिक के बेटे अजय रावत ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसे धमकाया और मौके से फरार हो गए।

अजय रावत ने बताया कि चोर घर से करीब ढाई से तीन लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवरात लेकर भागे हैं। वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपी थे, जिनमें से एक बाइक से और दो पैदल भागे। आरोपियों के पास चाकू के अलावा कट्टा भी था, जिससे वे लगातार धमका रहे थे।

सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घर के अंदर से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना के बाद कॉलोनीवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है और लोगों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *