सागर जिले में अवैध जुए का एक बड़ा मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में खुलेआम जुआ फड़ संचालित होता नजर आ रहा है, जहां बड़ी संख्या में लोग रात के अंधेरे में एक बल्ब की रोशनी में ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाते दिख रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस जुआ फड़ पर हर रात लाखों रुपये का लेन-देन हो रहा है।
देवरी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल ये वीडियो देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम चीमाढाना के पास का बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, यहां पिछले करीब दो से तीन महीनों से लगातार जुआ फड़ संचालित किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि इतनी लंबी अवधि से चल रहे इस अवैध कारोबार की भनक स्थानीय पुलिस को नहीं लगी, या फिर जानबूझकर अनदेखी की गई—यह सवाल अब उठने लगे हैं।

रात के अंधेरे में सजता है जुआ फड़
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि रात के समय खुले मैदान या सुनसान जगह पर जुआरी गोल घेरा बनाकर बैठे हैं। बीच में ताश की गड्डियां रखी हैं और चारों ओर नकदी नजर आ रही है। एक बल्ब की हल्की रोशनी में जुआरी बेखौफ होकर दांव लगाते दिख रहे हैं, जिससे साफ है कि उन्हें किसी तरह का डर नहीं है।
दूसरे जिलों से भी पहुंच रहे जुआरी
सूत्रों की मानें तो इस जुआ फड़ में केवल सागर जिले के ही नहीं, बल्कि नरसिंहपुर, सिलवानी और आसपास के अन्य जिलों से भी लोग जुआ खेलने पहुंच रहे हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह जुआ फड़ किसी छोटे स्तर पर नहीं, बल्कि संगठित तरीके से संचालित हो रहा है।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
देवरी थाना क्षेत्र से कुछ ही दूरी पर इतने लंबे समय से जुआ फड़ चलना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में यहां संदिग्ध गतिविधियां लंबे समय से देखी जा रही थीं, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ASP का बयान: जांच के बाद होगी कार्रवाई
मामले को लेकर एडिशनल एसपी डॉ. संजीव उईके ने कहा कि जुआ और सट्टा समाज के लिए घातक बुराई है, जिसके खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो की जांच कराई जा रही है और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर आक्रोश
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब आम आदमी छोटी सी गलती पर कार्रवाई का सामना करता है, तो इतने बड़े स्तर पर चल रहे जुआ फड़ पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
अब देखना यह होगा कि पुलिस जांच के बाद कितनी जल्दी और कितनी सख्ती से कार्रवाई करती है, और क्या इस जुआ फड़ के पीछे खड़े बड़े चेहरे भी कानून के शिकंजे में आ पाते हैं या नहीं।