सागर में धान खरीदी का रिकॉर्ड आंकड़ा पार, किसानों को अब तक 6791 करोड़ रुपये का भुगतान !

Spread the love

सागर।
मध्यप्रदेश में धान उपार्जन का काम तेजी से जारी है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य के किसानों से अब तक 6,56,875 किसानों से कुल 43,17,504 मीट्रिक टन धान की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2369 रुपये प्रति क्विंटल पर की जा चुकी है। यह आंकड़ा इस वर्ष के लक्ष्य के अनुसार बेहद संतोषजनक माना जा रहा है।

13 जनवरी तक बुक करें स्लॉट

मंत्री राजपूत ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि धान विक्रय के लिए किसान 13 जनवरी तक ही स्लॉट बुक कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्लॉट बुकिंग अनिवार्य है और निर्धारित समय पर स्लॉट बुक करना हर किसान के लिए जरूरी है, ताकि खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रहे।

20 जनवरी 2026 तक चलेगी खरीदी

सरकार द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार धान की खरीदी 20 जनवरी 2026 तक जारी रहेगी। अब तक किसानों को 6791 करोड़ रुपये से अधिक की राशि उनके खातों में अंतरित की जा चुकी है। भुगतान प्रक्रिया लगातार जारी है ताकि किसान समय पर लाभ ले सकें।

8.59 लाख किसानों ने कराया पंजीयन

धान विक्रय के लिए इस वर्ष कुल 8,59,916 किसानों ने पंजीयन कराया है। एक दिसंबर से शुरू हुई खरीदी के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में 1436 उपार्जन केन्द्र बनाए गए हैं, जहां धान का तौल, गुणवत्ता परीक्षण और भुगतान व्यवस्था की गई है।

75 प्रतिशत धान का परिवहन पूरा

खरीदी गई धान की लगभग 75% मात्रा, यानी 32,18,480 मीट्रिक टन, का परिवहन भी पूरा किया जा चुका है। शेष धान का परिवहन कार्य विभागीय स्तर पर लगातार जारी है, ताकि संग्रहण और मिलिंग प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।

किसानों के लिए सलाह

मंत्री राजपूत ने दोहराया कि निर्धारित तिथि के भीतर स्लॉट बुक कर लें, जिससे किसी भी प्रकार की दिक्कत या देरी न हो।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि सरकार किसानों के हक और सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा समय पर भुगतान व सुचारू खरीदी सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *