सागर में नागिन का हाई-वोल्टेज ड्रामा: 3 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

Spread the love

सागर। राहतगढ़ बस स्टैंड के पास नीलकंठ कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक लकड़ी के टाल में अचानक तीन फीट लंबी जहरीली नागिन घुस गई। मजदूर जैसे ही लकड़ियां उठाने पहुंचे, उनकी नजर नागिन पर पड़ी और देखते ही देखते पूरा टाल दहशत में खाली हो गया।

घटना सोमवार सुबह की है। मजदूरों ने तुरंत स्नेक कैचर बबलू पवार को सूचना दी। पवार मौके पर पहुंचे और करीब तीन घंटे तक चले रोमांचक रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद नागिन को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।


मजदूरों में फैली दहशत

मजदूरों ने बताया कि वे रोज की तरह लकड़ियां उठाने पहुंचे थे। तभी लकड़ियों के बीच से तेज़ी से सरकती हुई नागिन दिखाई दी। उसकी फुफकार सुनते ही सभी मजदूर टाल से बाहर निकल गए और वहां अफरातफरी मच गई। किसी अनहोनी की आशंका में तुरंत स्नेक कैचर को बुलाया गया।


3 घंटे चला रेस्क्यू

स्नेक कैचर बबलू पवार ने बताया कि नागिन लकड़ियों के ढेर के बीच छिपी बैठी थी और हर कुछ देर में अपनी जगह बदल रही थी। ऐसे में उसे पकड़ना बेहद मुश्किल हो रहा था। मजदूरों की मदद से धीरे-धीरे लकड़ियों को हटाया गया और सावधानी से रेस्क्यू आगे बढ़ाया गया।

करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद नागिन को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पकड़े जाने के दौरान नागिन ने कई बार फुफकार मारकर गुस्सा भी जताया।


कोबरा प्रजाति की जहरीली नागिन

बबलू पवार ने बताया कि यह कोबरा प्रजाति की नागिन है। इसकी लंबाई लगभग तीन फीट है और यह बेहद जहरीली मानी जाती है। हालांकि, सुरक्षित पकड़ने के बाद नागिन को जंगल में छोड़ दिया गया है, ताकि यह प्राकृतिक वातावरण में लौट सके।


जागरूकता का संदेश

स्नेक कैचर बबलू पवार ने लोगों से अपील की कि सांप दिखने पर घबराएं नहीं और न ही खुद से मारने की कोशिश करें। तुरंत स्नेक कैचर या वन विभाग को सूचना दें, ताकि सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा जा सके। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में अक्सर सांप बस्ती और मकानों के आसपास आ जाते हैं। ऐसे में सावधानी और जागरूकता जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *