सागर में प्रश्न-पत्र वितरण में लापरवाही, पटवारी प्रमोद यादव निलंबित !

Spread the love

सागर जिले के शाहगढ़ क्षेत्र में परीक्षा प्रश्न-पत्र वितरण में गंभीर लापरवाही सामने आई है। मामले में तहसील शाहगढ़ के पटवारी एवं कलेक्टर प्रतिनिधि प्रमोद यादव को अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) बंडा ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

अनुविभागीय अधिकारी बंडा कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, मंडल द्वारा आयोजित परीक्षा के प्रश्न-पत्र 13 फरवरी को सुबह 6 बजे से 7 बजे के बीच पुलिस थाना शाहगढ़ से प्राप्त किए जाने थे। इसके बावजूद प्रमोद यादव ने प्रश्न-पत्र सुबह 7:40 बजे पुलिस थाने से निकाले और 8:05 बजे शासकीय उमा विद्यालय तारपोह स्थित परीक्षा केंद्र पहुंचे।

बताया गया है कि पुलिस थाना शाहगढ़ से परीक्षा केंद्र शासकीय उमा विद्यालय तारपोह की दूरी लगभग 15 किलोमीटर है। निर्धारित समय-सीमा की अनदेखी के कारण प्रश्न-पत्र समय पर परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंच सके, जिससे परीक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, संबंधित अधिकारी को पहले ही समय-सीमा के संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद समय पर प्रश्न-पत्र न निकालना और विलंब से परीक्षा केंद्र पहुंचना शासकीय कार्य में गंभीर लापरवाही माना गया है।

जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि संबंधित पटवारी का यह कृत्य अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं स्वेच्छाचारिता को दर्शाता है। मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी बंडा ने तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *