सागर में बढ़ी गर्मी की मार: दिन के साथ रातें भी हुईं गर्म, तापमान में उछाल !

Spread the love

सागर। शहर में अब गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह से ही तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है, वहीं दोपहर में झुलसाने वाली गर्मी से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बढ़ती तपन के चलते दिन और रात दोनों के तापमान में उछाल दर्ज किया गया है।

पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 1 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 4.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। रविवार को अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री और न्यूनतम 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शनिवार को यह क्रमशः 37.6 और 19 डिग्री था। इस बढ़ोतरी से रातें भी अब गर्म महसूस होने लगी हैं।

रविवार सुबह 9 बजे से ही तेज धूप का असर दिखाई देने लगा था। दोपहर होते-होते गर्मी और तेज हो गई, जिससे लोग धूप से बचने के लिए मुंह ढककर और छाता लेकर घरों से निकलते नजर आए। सोमवार को भी सुबह से मौसम साफ रहा और तेज धूप निकली।

मौसम विभाग की एडवाइजरी जारी
गर्मी बढ़ने के साथ ही मौसम विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें दिनभर पर्याप्त पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने और दोपहर के समय तेज धूप में ज्यादा देर तक न रहने की सलाह दी गई है। साथ ही हल्के और सूती कपड़े पहनने की भी सलाह दी गई है।

बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने के लिए कहा गया है, क्योंकि बढ़ती गर्मी का असर इन पर अधिक पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *