सागर में महिला की गुहार: महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज न होने से न्याय के लिए भटक रही पीड़िता !

Spread the love


जिले में महिला उत्पीड़न और दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है। अब्दुल हमीद वार्ड निवासी 25 वर्षीय आफरीन पति शोयब राईनपुरी ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत में आरोप लगाया है कि उसे लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है, लेकिन महिला थाना सागर उसकी पक्की रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रहा। पीड़िता का कहना है कि कई बार शिकायत लेकर जाने के बाद भी उसे केवल समझाइश देकर लौटा दिया गया।


विवाह के बाद से प्रताड़ना की कहानी

आफरीन का निकाह 26 दिसम्बर 2003 को मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के समय उसके पिता ने कर्ज लेकर दहेज और घरेलू सामान दिया था। लेकिन आफरीन का आरोप है कि उसके पति शोयब, ननद और अन्य परिजन शादी के बाद से ही पाँच लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहे हैं।

पीड़िता का कहना है कि मांग पूरी न होने पर उसे मारपीट, भूखा रखना, और मानसिक प्रताड़ना दी गई। कई बार तो उसे फिनाइल पिलाने की कोशिश भी की गई।


शिकायतें हुई अनसुनी

आफरीन ने बताया कि उसने बार-बार महिला थाने में जाकर इन घटनाओं की शिकायत की, लेकिन हर बार महिला थाना प्रभारी ने यह कहकर लौटा दिया कि पहले लड़के को बुलाकर समझाइश दी जाएगी, उसके बाद ही पक्की रिपोर्ट दर्ज होगी।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि महिला थाना प्रभारी ने यहां तक कह दिया कि “रिपोर्ट पुलिस अपनी मर्जी से दर्ज करेगी, वरना दर्ज ही नहीं होगी।” इस रवैये से परेशान होकर उसने सीधे पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।


पीड़िता की स्थिति और अपील

आफरीन ने अपने आवेदन में स्पष्ट लिखा है कि उसके साथ लगातार घरेलू हिंसा और दहेज प्रताड़ना हो रही है। वह अपने मायके से मदद पाने में भी असमर्थ है क्योंकि उसके पिता का निधन हो चुका है। पति और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना ने उसकी स्थिति और भी नाजुक बना दी है।

उसने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि उसकी शिकायत के आधार पर दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *