सागर में मौसम का मिजाज बदला-बदला, कभी कोहरा तो कभी तेज धूप, जनवरी में बढ़ेगी ठंड !

Spread the love

सागर | सागर में मौसम में लगातार बदलाव का दौर जारी है। कभी घना कोहरा और कंपकंपा देने वाली सर्दी लोगों को ठिठुरा रही है, तो कभी कोहरा छंटते ही तेज धूप निकल आने से ठंड से राहत मिल रही है। इस उतार-चढ़ाव के चलते दिन और रात के तापमान में भी लगातार अंतर देखने को मिल रहा है।

नए साल की शुरुआत सागर में साफ मौसम के साथ हुई। 31 दिसंबर की रात 12 बजे के आसपास वातावरण में धुंध छाई रही, वहीं सुबह होते ही हल्का कोहरा देखने को मिला। सुबह के समय ठंड ने लोगों को खासा परेशान किया, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा, वैसे-वैसे तेज धूप खिल गई। धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिली और बाजारों व सड़कों पर रौनक बढ़ती नजर आई।

वर्तमान में सागर का अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। हालांकि सुबह-शाम ठंड का असर साफ महसूस किया जा रहा है।

जनवरी में कोहरे और शीतलहर का असर
मौसम जानकारों के अनुसार जनवरी के पहले सप्ताह से कोहरे का असर और बढ़ सकता है। इस दौरान शीतलहर चलने की भी संभावना जताई जा रही है, जिससे रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। ठंड के इस दौर में दिन के समय तेज धूप निकलने से किसानों को फायदा होने की उम्मीद है।

विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड और धूप के इस मिश्रित मौसम से चना, मसूर सहित अन्य दलहनी फसलों को लाभ मिलेगा। वहीं गेहूं की फसल की बढ़वार भी मजबूत और तेज रहने की संभावना है। अनुमान है कि दिन के समय अधिकतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है।

बर्फीली हवाएं बढ़ा रही ठंड
मौसम विभाग के अनुसार सर्दी बढ़ने का मुख्य कारण पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाली बर्फीली हवाएं हैं। जब उत्तर भारत के मैदानी इलाकों की ठंडी हवा और पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवा एक साथ इस क्षेत्र में पहुंचती है, तो ठंड का असर काफी बढ़ जाता है। यह स्थिति उत्तर भारत में सक्रिय मौसमी सिस्टम ‘वेस्टर्न डिस्टरबेंस’ के कारण बनती है। यदि इस दौरान जेट स्ट्रीम भी सक्रिय हो जाए, तो ठंड का असर दोगुना हो जाता है। इस बार यही परिस्थितियां बन रही हैं, जिससे आने वाले दिनों में सागर समेत आसपास के क्षेत्रों में ठंड और बढ़ने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *