सागर। शहर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लाठी भी जब्त की है। हालांकि, घटना में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस लगातार कर रही है।
पुरानी रंजिश बनी खूनी संघर्ष की वजह
मोतीनगर पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त की रात लगभग 12:30 बजे फरियादी भूपेश पिता अशोक चौबे (30) निवासी राजीवनगर वार्ड अपने घर के बाहर बैठे थे। उसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर रितेश चौबे और उसके परिवारजन वहां पहुंचे। भूपेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रितेश चौबे से लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। इसी रंजिश के चलते रितेश और उसके साथियों ने घर के बाहर हमला कर दिया।

तलवार, कट्टा और लाठी से हमला
भूपेश के अनुसार, हमले में मृदुल चौबे लोहे की रॉड, सुरेश चौबे और विवेक चौबे लाठी, रितेश चौबे तलवार, रूपेश चौबे देशी कट्टा और देवेंद्र चौबे हाथ में लाठी लेकर आए। सभी ने गाली-गलौज करते हुए अचानक मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान प्रभात चौबे, महेश चौबे, निधि चौबे और सुदामा चौबे गंभीर रूप से घायल हो गए।
सबसे खतरनाक हमला तब हुआ जब रूपेश चौबे ने सुदामा चौबे पर देशी कट्टे से फायर कर दिया। गोली उनके हाथ में लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन घबराकर उन्हें अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज जारी है।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
घटना की गंभीरता को देखते हुए मोतीनगर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, गाली-गलौज और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया। थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
दो आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
लगातार दबिश के बाद पुलिस ने शुक्रवार को दो आरोपियों – सुरेश पिता पूरनलाल चौबे और विवेक पिता पूरनलाल चौबे (दोनों निवासी राजीवनगर वार्ड) – को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी भी जब्त की गई है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की गई है। वहीं, पुलिस शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि फरार आरोपियों के संबंध में कोई सूचना हो तो तुरंत थाने को अवगत कराएं।