सागर। शहर में ‘श्री सीताराम’ नाम लेखन के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था लगातार बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में रविवार को सनराइज मेगासिटी स्थित जय गुरुदेव भवन में विशेष लेखन कॉपी वितरण एवं संग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान 101 पूर्ण रूप से लिखी गई कॉपियां श्रद्धालुओं द्वारा जमा की गईं, जबकि 22 नई कॉपियां नाम लेखन के लिए वितरित की गईं। आयोजन स्थल पर सुबह से ही भक्तों का उत्साह और भक्ति भाव देखने को मिला।
हर रविवार निशुल्क वितरण और संग्रहण

समिति के सदस्यों ने बताया कि जय गुरुदेव भवन से प्रत्येक रविवार दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक निशुल्क कॉपियों का वितरण और संग्रहण किया जाता है। श्रद्धालु यहां से कॉपी लेकर घर पर ‘श्री सीताराम’ नाम का लेखन करते हैं और पूर्ण होने पर पुनः जमा कराते हैं।
इस धार्मिक अभियान का उद्देश्य लोगों में भक्ति, सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक वातावरण को बढ़ावा देना है।
अन्य स्थान पर भी सुविधा उपलब्ध
समिति के अनुसार, हनुमान दुर्गा भैरव धाम स्थित बैंक परिसर से भी श्रद्धालु किसी भी दिन कॉपी प्राप्त कर सकते हैं और जमा कर सकते हैं। इससे अधिक से अधिक लोगों को इस धार्मिक गतिविधि से जोड़ने में सुविधा मिल रही है।
बढ़ता जा रहा भक्तों का जुड़ाव
आयोजकों का कहना है कि पिछले कुछ समय में नाम लेखन अभियान से जुड़ने वाले लोगों की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है। बुजुर्गों के साथ-साथ युवा और महिलाएं भी बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।
श्रद्धालुओं का मानना है कि ‘श्री सीताराम’ नाम लेखन से मन की शांति, एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। समिति ने अधिक से अधिक लोगों से इस आध्यात्मिक अभियान से जुड़ने की अपील की है।