सागर में हत्या के 3 इनामी आरोपी गिरफ्तार:कुल्हाड़ी-डंडों से की थी मारपीट, 2 महीने से थे फरार; गांव आते ही पुलिस ने दबोचा !

Spread the love

सागर। शाहगढ़ थाना पुलिस ने हत्या के एक गंभीर मामले में फरार चल रहे तीन इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। इन आरोपियों पर 3-3 हजार रुपए का इनाम घोषित था। आरोपी लगभग दो महीने से पुलिस की पकड़ से दूर थे। मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने गांव में घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।


29 सितंबर को कुल्हाड़ी और डंडों से हमला, पिता की मौत

पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को ग्राम बगरोही निवासी दीपपाल (18) पुत्र परमलाल यादव ने शाहगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में बताया गया कि गांव के जगदीश यादव और उसके साथ करीब 10 लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते फरियादी पक्ष पर कुल्हाड़ी और डंडों से हमला कर दिया था।

हमले में फरियादी के पिता पप्पू उर्फ परमलाल यादव गंभीर रूप से घायल हुए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज किया था।


7 आरोपी पहले ही जेल भेजे, 3 फरार हो गए थे

हत्या के इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 7 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था
लेकिन वारदात में शामिल तीन आरोपी घटना के बाद गांव से फरार हो गए थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष टीमें गठित की थीं और तीनों पर 3-3 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था।


गांव लौटे ही थे आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी चोरी-छिपे अपने गांव बहरोही लौटे हैं।
सूचना मिलते ही शाहगढ़ थाना पुलिस ने गांव में छापामार कार्रवाई की और चारों ओर से घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


👇 ये तीन आरोपी गिरफ्तार

  • अरविंद पिता जगदीश यादव
  • राजू पिता मथरा यादव
  • जाहर पिता रामू यादव
    (तीनों निवासी बहरोही)

📝 थाना प्रभारी बोले— कोर्ट में पेश किया गया

शाहगढ़ थाना प्रभारी संदीप खरे ने बताया कि हत्या के मामले में फरार चल रहे तीनों इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *