सागर संसदीय क्षेत्र में विकास की नई उड़ान भरने जा रही है। सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने लोकसभा और केंद्रीय मंत्रियों से लगातार मुलाकात कर अपने क्षेत्र के लिए विभिन्न विकास कार्यों को गति दी है। उनके प्रयासों के तहत सागर में ढाना हवाई पट्टी का विस्तार और हवाई सेवा के लिए ठोस पहल शुरू हो गई है।
31 जुलाई 2025 को सांसद ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को सागर में हवाई सेवा विस्तार हेतु अनुरोध पत्र भेजा। इसके साथ ही नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से भी मुलाकात कर ढाना हवाई पट्टी के उन्नयन और सागर हवाई अड्डा एवं कार्गो हब बनाने की मांग रखी। इस मांग पर सरकार ने सहानुभूति दिखाई और प्रक्रिया शुरू की।

कलेक्टर संदीप आर.के. के निर्देश पर अपर कलेक्टर अविनाश रावत ने विमान विभाग के विशेषज्ञ और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सुझाव साझा किए। इसमें उद्योग, कृषि, रेलवे, बस एसोसिएशन, स्वास्थ्य एवं शिक्षा संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल हुए। विशेषज्ञ मनीष सिन्हा ने बताया कि ढाना हवाई पट्टी का रनवे वर्तमान 992 मीटर से बढ़ाकर 1800 मीटर किया जाएगा। इसके पूरा होने के बाद 70 सीटर विमान की उड़ानें शुरू हो सकेंगी।
सागर में हवाई सेवा की संभावनाओं को मजबूत बनाने के लिए ट्रैफिक और कार्गो की संभावनाओं का अध्ययन भी किया जाएगा। सांसद ने बताया कि सागर में हाल ही में आयोजित इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव में 23,000 करोड़ रुपए के एमओयू साइन हुए हैं। आईटी पार्क, औद्योगिक इकाइयाँ, मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालयों की स्थापना के कारण हवाई सेवा की मांग बढ़ी है।
1800 मीटर रनवे और टर्मिनल एयरपोर्ट के निर्माण पर लगभग 400 करोड़ रुपए खर्च होंगे। अनुमति मिलने के बाद भू-अर्जन और अन्य निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे।
सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने कहा, “सागर लोकसभा क्षेत्र के विकास के लिए हम निरंतर प्रयासरत हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हवाई सेवा विस्तार में पहल की है, इसके लिए मैं उनका आभार व्यक्त करती हूं। जनता के विश्वास पर हम हमेशा खरे उतरेंगे।”