सागर में 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया
3000 से अधिक लोगों ने लिया सामूहिक योगाभ्यास में भाग, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत बोले – योग शरीर और मन की संजीवनी है
सागर, 21 जून 2025।
शहर के पीटीसी ग्राउंड में शनिवार सुबह 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 3000 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने योग को मन, शरीर और मस्तिष्क के लिए संजीवनी बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग का परचम न केवल देश में, बल्कि विश्वभर में लहराया गया है।

मंत्री श्री राजपूत ने कहा, “योग केवल अभ्यास नहीं, यह जीवनशैली है। जब व्यक्ति स्वस्थ रहेगा, तभी परिवार, समाज और देश स्वस्थ रहेगा। आज की भागदौड़ भरी ज़िंदगी में केवल 30 मिनट का योग भी शरीर को ऊर्जावान और मानसिक रूप से संतुलित बनाए रखता है। इसके लिए किसी संसाधन की जरूरत नहीं, एक चादर पर भी योग किया जा सकता है।” उन्होंने लोगों से नियमित योग करने की अपील की।
इस कार्यक्रम में सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, विधायक श्री शैलेंद्र जैन, नगर निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार, वरिष्ठ योगाचार्य श्री विष्णु आर्य, जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक के.वी., नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर श्री रुपेश उपाध्याय, संयुक्त कलेक्टर श्री देवेंद्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद जैन, डॉ. नीना गिडियन, एएसपी श्री लोकेश सिन्हा, संभागीय आयुष अधिकारी डॉ. जोगेंद्र सिंह, जिला युवा अधिकारी श्री संतोष सोनी समेत अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं नागरिक उपस्थित रहे।
विधायक श्री शैलेंद्र जैन ने इस अवसर पर कहा कि हमें आज यह संकल्प लेना चाहिए कि सागर केवल गौर नगरी ही नहीं, बल्कि योग नगरी के रूप में भी प्रतिष्ठित हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने योग को जन-जन तक पहुंचाने का महान कार्य किया है। “सागर में सैकड़ों मास्टर ट्रेनर हैं, जिनसे हमें योग सीखकर अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए,” उन्होंने कहा।
सांसद लता वानखेड़े ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मस्तिष्क और आत्मा की शुद्धि भी होती है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की योग पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज विश्वभर में योग की प्रतिष्ठा भारत के कारण ही है।
कार्यक्रम का संचालन श्री मनोज श्रीवास्तव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद जैन द्वारा किया गया। इस अवसर पर संचालक लोक शिक्षण श्री मनीष वर्मा, संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. नीना गिडियन, सीएमओ, डीपीओ, खेल अधिकारी, तथा जिलेभर के स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह का समापन सामूहिक योगाभ्यास के साथ हुआ, जिसमें बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और अधिकारियों ने पूरे मनोयोग से हिस्सा लिया। यह आयोजन योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने की दिशा में एक प्रेरक पहल साबित हुआ।
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
7806077338, 9109619237