स्वास्थ्य विभाग सागर द्वारा दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल की जा रही है। 22 एवं 23 जनवरी को सागर में विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें पात्र हितग्राहियों को निशुल्क इलेक्ट्रॉनिक प्रोस्थेटिक्स हैंड्स (कृत्रिम हाथ) लगाए जाएंगे। यह शिविर इनाली फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
इस शिविर के माध्यम से उन लोगों को लाभ मिलेगा जो जन्म से बिना हाथ के हैं अथवा किसी दुर्घटना के कारण हाथ का निचला हिस्सा खो चुके हैं। आधुनिक तकनीक से बने ये इलेक्ट्रॉनिक कृत्रिम हाथ उपयोगकर्ता को दैनिक जीवन के कई कार्यों में सक्षम बनाते हैं। इनकी सहायता से वस्तुओं को पकड़ना, भोजन करना, लिखना, डिजाइनिंग जैसे कार्य आसानी से किए जा सकते हैं, जिससे व्यक्ति आत्मनिर्भर बन सकेगा।

यह पहल राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत की जा रही है, जिसका उद्देश्य दिव्यांगजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। शिविर में 15 वर्ष से अधिक आयु के पात्र व्यक्तियों को यह डिवाइस लगाया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सागर डॉ. ममता तिमोरी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिन लोगों के हाथ का कोहनी से नीचे का हिस्सा नहीं है, वे इस शिविर का लाभ उठा सकते हैं। ऐसे इच्छुक एवं पात्र व्यक्ति नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र अथवा स्वास्थ्य कार्यकर्ता से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा जिला चिकित्सालय परिसर स्थित जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र में भी संपर्क किया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने आसपास ऐसे जरूरतमंद व्यक्तियों को इस शिविर की जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक लोग इस निशुल्क सुविधा का लाभ लेकर अपने जीवन को सरल और आत्मनिर्भर बना सकें।