सागर। मोतीनगर थाना पुलिस ने चाकूबाजी के आरोपी जुग्गा उर्फ लखन अहिरवार (23) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने युवक मोनू अहिरवार और उसके भाई राजा अहिरवार पर पुरानी रंजिश में जान से मारने की नियत से हमला किया।
पुलिस के अनुसार, घटना 8 जनवरी की रात करीब 8 बजे संतोषपुरा सुभाषनगर वार्ड में हुई। फरियादी राजा अहिरवार ने बताया कि वह अपने छोटे भाई मोनू अहिरवार के साथ घर लौट रहे थे, तभी जुग्गा और नरेंद्र अहिरवार ने रास्ता रोककर गाली-गलौज की। विरोध करने पर जुग्गा ने चाकू से हमला कर मोनू के पेट में गंभीर चोट कर दी। बीच-बचाव करने पर नरेंद्र ने लोहे के पाइप से राजा अहिरवार के पैर में चोट पहुंचाई।

घायल मोनू अहिरवार को तत्काल बीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
गिरफ्तार आरोपी जुग्गा के कब्जे से वारदात में उपयोग चाकू बरामद हुआ। मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि एक अन्य आरोपी नरेंद्र अभी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। जुग्गा के खिलाफ पहले से ही 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं।