सागर। युवा नेता अविराज सिंह ने पावन बागेश्वर धाम पहुंचकर पीठाधीश्वर एवं प्रख्यात कथावाचक परम पूज्य धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी महाराज के चरणों में सादर नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने आगामी धार्मिक अनुष्ठानों के आयोजन का आमंत्रण पत्र विधिवत अर्पित किया।
अविराज सिंह ने बताया कि रूद्राक्ष धाम, सागर में 31 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक सप्तदिवसीय राम कथा का भव्य आयोजन प्रस्तावित है। इसके साथ ही 1 फरवरी 2026 को नव-निर्मित दक्षिणमुखी हनुमान जी मंदिर में हनुमान जी की भव्य प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा का दिव्य एवं विराट कार्यक्रम संपन्न होगा।

अविराज सिंह ने कहा कि “परम पूज्य गुरुदेव धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति, आशीर्वाद एवं कृपा से यह पावन भक्ति-उत्सव और अधिक दिव्य एवं पुण्यदायी बनेगा। उनके सान्निध्य से यह आयोजन जन-जन के कल्याण, धर्म जागरण एवं सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार का सशक्त माध्यम सिद्ध होगा।”
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि इस सप्तदिवसीय राम कथा महोत्सव में प्रयागराज से पधारे सुप्रसिद्ध राम कथा वाचक पं. प्रेमभूषण जी महाराज प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक राम कथा का रसपान श्रद्धालुओं को कराएंगे।
अविराज सिंह ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से अपील की कि वे इस पावन आयोजन में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित करें। उन्होंने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए एक अद्भुत आध्यात्मिक अवसर होगा, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तजन भागीदारी करेंगे और धार्मिक व आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त करेंगे।