सागर ,युवा संगम कार्यक्रम में जिले के युवाओं को मिला रोजगार और स्वरोजगार का सुनहरा अवसर !

Spread the love

सागर। कलेक्टर संदीप जी. आर. के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में सागर जिले के युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के उद्देश्य से रोजगार कार्यालय सागर, संभागीय आई.टी.आई. सागर और जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र सागर के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय संभागीय आईटीआई सागर में “युवा संगम” कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में जिले और आसपास के क्षेत्रों से आए कुल 805 अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक पंजीयन किया। इनमें से 524 अभ्यर्थियों का विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा प्राथमिक चयन किया गया। इस मेले का मुख्य उद्देश्य जिले के युवाओं को स्थानीय और राष्ट्रीय कंपनियों से जोड़ना, उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान करना और स्वरोजगार योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में देश-प्रदेश की प्रमुख निजी कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इनमें वर्धमान यॉर्नस इंदौर, डी एन एच इंदौर, प्रतिभा सेंटर्स पीथमपुर, वर्धमान फैब्रिक बुदनी, टाटा ए आई ए लाइफ इंश्योरेंस, भारतीय जीवन बीमा निगम सागर, पेटीएम, शिवशक्ति एग्रीटेक प्रा. लि. सागर, ग्रेट ऑर्गेनिक डायमंड प्रा. लि. सागर, अवसर कंपनी, माय लाइफ स्टाइल मार्केटिंग ग्लोबल प्रा. लि. सागर, गेल इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल्स गुना, गोल्डन फार्मर ऑर्गेनिक एग्रीकल्चर सागर, क्रिप्स भोपाल, सीपेट भोपाल, आईटी जॉब फैक्ट्री पीथमपुर और एल.आई.सी. मकरोनिया सागर शामिल रहे।

इन कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभागियों का चयन उनकी योग्यता के आधार पर किया और चयनित उम्मीदवारों को ऑफर लेटर प्रदान किए। इस अवसर पर कई युवाओं ने पहली बार सीधे कॉर्पोरेट सेक्टर से जुड़ने का अनुभव प्राप्त किया, जिससे उनके आत्मविश्वास और रोजगार के अवसरों में वृद्धि हुई।

स्वरोजगार के क्षेत्र में भी इस कार्यक्रम का विशेष महत्व रहा। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र सागर के प्रबंधक महेश पाल ने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत 67 लाभार्थियों को कुल ₹3 करोड़ 85 लाख 42 हजार का ऋण स्वीकृति लाभ प्रदान किया, जिससे युवाओं को स्वयं का व्यवसाय आरंभ करने के लिए आर्थिक सहयोग मिला।

कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों को “मानसिक स्वास्थ्य हेतु नशा मुक्ति की शपथ” दिलाई गई, ताकि वे स्वस्थ, सकारात्मक और उत्पादक जीवन शैली अपना सकें। इसके साथ ही डॉ. सोनम चौबे, जिला चिकित्सालय सागर द्वारा हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम के तहत सभी प्रतिभागियों की काउंसलिंग भी की गई। इसमें उन्हें मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास बढ़ाने और रोजगार साक्षात्कार के लिए आवश्यक व्यवहारिक कौशलों की जानकारी दी गई।

इस मेले को सफल बनाने में कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों का योगदान सराहनीय रहा। संस्था प्राचार्य वर्ग 2 सुश्री पूजा तिवारी, श्रीमती अंगूरी ठाकुर जिला रोजगार अधिकारी सागर, प्रशिक्षण अधीक्षक अशोक कुमार डागौर, श्री आर. के. दुबे ने चयनित प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। प्लेसमेंट अधिकारी परमानंद सेन ने पूरे आयोजन का सफल समन्वयन और संचालन किया। इसके अलावा श्री नितिन खरे, प्रदीप उपाध्याय, मोहन भाटिया, भारती उपाध्याय, अल्पना श्रीवास्तव, महेश पाल, राम यादव और अन्य सहयोगी अधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के अंतिम सत्र में जिला रोजगार अधिकारी और कंपनी प्रतिनिधियों द्वारा सभी चयनित अभ्यर्थियों को औपचारिक रूप से ऑफर लेटर प्रदान किए गए। अभ्यर्थियों ने जिला प्रशासन सागर का धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में सशक्त कदम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *