सागर, 2 अक्टूबर 2025। विजयादशमी का पर्व इस बार सागर, राहतगढ़ और जैसीनगर में उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। तीनों ही स्थानों पर आयोजित सांस्कृतिक रावण दहन कार्यक्रमों में मध्य प्रदेश सरकार के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। हजारों की संख्या में उपस्थित जनसमूह ने जय श्रीराम के जयघोष के बीच बुराई के प्रतीक रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन होते देखा और धर्म की विजय का संदेश ग्रहण किया।
धर्म सदा ताकतवर होता है : गोविंद सिंह राजपूत
मंत्री राजपूत ने अपने संबोधन में कहा –
“अधर्म और असत्य कुछ समय के लिए ताकतवर हो सकते हैं, लेकिन धर्म हमेशा ताकतवर रहता है। विजयदशमी का पर्व हमें यह शिक्षा देता है कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी यदि हम धर्म का पालन करें तो विजय निश्चित है।”
उन्होंने आगे कहा कि रावण दहन का अर्थ केवल पुतला जलाना नहीं है, बल्कि अपने अंदर के बुराई रूपी रावण को जलाकर राम जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेना है।
“मेरे लिए सुरखी विधानसभा अयोध्या से कम नहीं है। आप सभी मेरे लिए राम हैं। आपके आशीर्वाद से सुरखी विधानसभा में विकास का रथ निरंतर आगे बढ़ रहा है और आगे भी इसी गति से आगे बढ़ता रहेगा।”
तीनों स्थानों पर शामिल हुए हजारों लोग
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सबसे पहले सागर पीटीसी ग्राउंड में रावण दहन किया। इसके बाद वे राहतगढ़ के दशहरा मैदान पहुँचे, जहाँ हजारों की भीड़ ने रावण दहन का भव्य आयोजन देखा। तत्पश्चात वे जैसीनगर ब्लॉक ग्राउंड पहुँचे और वहाँ आयोजित सांस्कृतिक दशहरा उत्सव में शामिल हुए। तीनों स्थानों पर आतिशबाजी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतज़ाम किए थे, जिसके चलते कार्यक्रम शांतिपूर्वक और भव्य रूप से संपन्न हुआ।
रावण दहन का संदेश
मंत्री राजपूत ने कहा कि दशहरा केवल बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व नहीं है, बल्कि यह हमें यह सिखाता है कि संघर्ष के बाद मिलने वाली विजय ही श्रेष्ठ होती है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि –
“मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाएँ और राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।”
अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी दी शुभकामनाएँ
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने सभी को दशहरा पर्व की शुभकामनाएँ दीं। सांसद लता वानखेड़े ने कहा कि दशहरा धर्म पर अधर्म की जीत का प्रतीक है। विधायक शैलेंद्र जैन ने क्षेत्रवासियों को विजयादशमी की बधाई दी, वहीं नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने भी लोगों को संबोधित किया।
सामाजिक एकता का प्रतीक
मंत्री राजपूत ने तीनों स्थानों के आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक पर्व समाज को एकजुट करते हैं और सामूहिक सद्भावना को मजबूत बनाते हैं।
“धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो और विश्व का कल्याण हो – यही विजयादशमी का सच्चा संदेश है।”