सागर। सागर रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप इन दिनों स्थायी वाहन पार्किंग का अड्डा बन गया है। पंप परिसर और उसके आसपास लंबे समय से खड़े वाहनों के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित हो रहा है, जिससे वाहन चालकों के बीच टकराव और दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कई वाहन पिछले 5–6 महीनों से पेट्रोल पंप पर खड़े हैं। इन वाहनों पर धूल की मोटी परत जम चुकी है, जिससे साफ है कि इन्हें लंबे समय से हटाया नहीं गया। वाहन मालिकों ने पेट्रोल पंप को मानो स्थायी पार्किंग बना लिया है, लेकिन इस ओर न तो पेट्रोल पंप संचालक ध्यान दे रहा है और न ही संबंधित वाहन मालिक।

पेट्रोल पंप पर अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों के कारण आने-जाने वाले वाहनों को निकलने में परेशानी होती है। कई बार इसी वजह से वाहन आपस में भिड़ जाते हैं, जिससे दुर्घटनाएं हो रही हैं और भविष्य में बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और यातायात पुलिस से मांग की है कि पेट्रोल पंप पर खड़े स्थायी वाहनों को हटवाया जाए और यहां अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि यातायात सुचारु हो सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।