सागर, 07 अक्टूबर 2025:
विधायक शैलेंद्र कुमार जैन एवं नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने सागर नगर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तिली तिराहे पर लगभग 8 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन सर्व सुविधायुक्त भव्य ऑडिटोरियम का जायजा लिया।
ऑडिटोरियम निर्माण की प्रगति
विधायक जैन ने बताया कि ऑडिटोरियम का प्लिंथ लेवल का कार्य लगभग पूर्ण हो गया है और निर्माण कार्य तेजी से जारी है। उन्होंने निर्माण एजेंसी और ठेकेदार को कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी बताया कि नगर के सर्वांगीण विकास के लिए दो ऑडिटोरियम स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से एक तिली तिराहे पर निर्माणाधीन है, जबकि दूसरा शीघ्र ही अन्य स्थान पर प्रारंभ किया जाएगा। ऑडिटोरियम में साउंड सिस्टम, एसी हॉल, डिजिटल स्क्रीन, ऑटोमेटिक सीटिंग सिस्टम सहित सभी अत्याधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी। यह शहरवासियों को सांस्कृतिक, सामाजिक और शैक्षणिक आयोजनों के लिए भव्य मंच प्रदान करेगा।

कृष्णगंज उद्यान का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान विधायक जैन ने कृष्णगंज वार्ड में चल रहे कृष्णगंज उद्यान के जीर्णोद्धार कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने उद्यान में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान, नवीन जिम उपकरण, बच्चों के खेल के उपकरण और आरामदायक बेंचों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
नगर में बेहतर सुविधाओं की प्राथमिकता
विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि सागर शहर में लोगों को बेहतर सुविधा, मनोरंजन और स्वास्थ्य के लिए उपयुक्त वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान प्रासुख जैन, निर्माण एजेंसी के इंजीनियर, ठेकेदार एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237