सागर शहर में घर में मिला महिला का खून से लथपथ शव:सिर और चेहरे पर मिले चोट के निशान !

Spread the love

सागर शहर में शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। नाखरे वाली गली स्थित एक घर में 46 वर्षीय साधना सिंह पत्नी नारायण सिंह ठाकुर का शव खून से लथपथ अवस्था में मिला। मृतका के चेहरे और सिर पर गहरे घाव थे, साथ ही कान और नाक से भी खून बह रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मर्चुरी में भेजा गया।

झगड़े के बाद हुई वारदात, बेटे पर शक

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोपहर में साधना सिंह का अपने छोटे बेटे अजय सिंह से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। मृतका के पति नारायण सिंह ठाकुर ने बताया कि घटना के समय वे घर पर मौजूद नहीं थे। शाम के समय वह कटरा बाजार में सामान लेने गए थे। लौटकर जब घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि साधना किचन में खून से लथपथ हालत में पड़ी हुई थीं। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस वारदात के बाद से अजय सिंह का कोई अता-पता नहीं है। उसका मोबाइल फोन भी बंद है। पुलिस के अनुसार, अजय पीथमपुर में नौकरी करता है और बीते एक महीने से छुट्टी पर घर आया हुआ था। वहीं बड़ा बेटा प्रशांत चेन्नई में काम करता है और शुक्रवार को ही सागर से वापस लौटा था।

पुलिस की कार्रवाई, हत्या का मामला दर्ज

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया है। सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि महिला की हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। छोटा बेटा अजय इस मामले में संदेह के घेरे में है और उसकी तलाश की जा रही है। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस घर के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

इलाके में दहशत, जांच जारी

इस घटना से पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल है। नाखरे वाली गली में शुक्रवार रात बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। पड़ोसी और रिश्तेदार भी इस वारदात से हैरान हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे घरेलू विवाद या किसी अन्य कारण की जांच की जा रही है।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !

संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *