सागर संभागायुक्त श्री अनिल सुचारी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश: पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही के साथ करें कार्य !

Spread the love

सागर, 25 जुलाई 2025
सागर संभाग के संभागायुक्त श्री अनिल सुचारी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समस्त विभागों की योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने कार्यों को पारदर्शिता, ईमानदारी और समयबद्धता के साथ करें। बैठक में कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय, पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई, जिला पंचायत सीईओ श्री नवीत कुमार धुर्वे, समेत वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मनरेगा मजदूरों को समय पर भुगतान और लंबित कार्यों के शीघ्र निपटान के निर्देश

संभागायुक्त ने मनरेगा योजना की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि कार्यरत मजदूरों का भुगतान समय पर हो, और पुराने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए। विधायक निधि से संचालित विकास कार्यों को भी शीघ्रता से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

वर्षाकालीन तैयारी और जल प्रबंधन पर विशेष जोर

संभागायुक्त ने मानसून के चलते डैम और जलस्रोतों की स्थिति पर सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि डैम के गेट खोलने की स्थिति में पूर्व सूचना देना अनिवार्य है, ताकि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को अलर्ट किया जा सके और नियंत्रित रूप से पानी की निकासी सुनिश्चित हो।

शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण योजनाओं की गहन समीक्षा

श्री सुचारी ने निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण और लैपटॉप योजना की मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी तकनीकी कारणों से योजना से वंचित हैं, उन्हें लाभ दिलाने के प्रयास हों।
विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने और ऐसे स्कूल जिनका परीक्षा परिणाम 50% से कम है, उन पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।

महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी व्यवस्था सुधारने के निर्देश

संभागायुक्त ने कहा कि सभी आंगनबाड़ी केंद्र समय पर खुलें, कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं नियमित उपस्थित रहें और पोषण आहार का वितरण समय पर हो। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को साप्ताहिक निरीक्षण करने को कहा गया।

कृषि और पशुपालन विभाग को फील्ड विजिट के निर्देश

संभागायुक्त ने कृषि अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसान मौसम के अनुसार जल्दी पकने वाली फसलों का चयन करें और उन्हें समय पर बीज, खाद व उर्वरक उपलब्ध कराएं
कालाबाजारी की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई और लाइसेंस रद्द करने के निर्देश दिए गए।
पशुपालन विभाग को पशुओं का समय पर टीकाकरण और बीमारियों के प्रति सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई।

राजस्व विभाग से न्यायालयीन मामलों में पारदर्शिता की अपेक्षा

श्री सुचारी ने राजस्व अधिकारियों को न्यायालय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा, ताकि नामांतरण, सीमांकन और बंटवारे जैसे प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण हो सके। उन्होंने कहा कि फील्ड विजिट कर प्राथमिकता से लोगों की समस्याओं का निपटारा किया जाए।

संयमित व्यवहार और ईमानदारी पर दिया विशेष बल

अंत में संभागायुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी/कर्मचारी अपने व्यवहार को संयमित रखें, जनसेवा को सर्वोपरि मानें और अपने कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता एवं ईमानदारी बरतें।

यह समीक्षा बैठक प्रशासनिक प्रतिबद्धता और जनहित में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई है।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !

संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *