सब्जी उत्पादन में है अपार संभावनाएं, उद्यानिकीय विभाग को दिए दिशा-निर्देश
सागर, 10 सितम्बर 2025।
सागर संभाग के कमिश्नर श्री अनिल सुचारी ने कहा है कि संभाग में बागवानी फसलों और सब्जी उत्पादन की विपुल संभावनाएं हैं। किसानों की आमदनी बढ़ाने और कृषि को स्थायी बनाने के लिए उद्यानिकीय विभाग के अधिकारी व मैदानी कर्मचारी किसानों के सतत् संपर्क में रहें और उन्हें बागवानी फसलों की ओर आकर्षित करें।
कमिश्नर सुचारी मंगलवार को आयोजित उद्यानिकीय विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।

किसानों से करें सीधा संवाद
कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसान भाई-बहनों को शासन की बागवानी एवं उद्यानिकी से जुड़ी योजनाओं की जानकारी घर-घर और खेत-खेत तक पहुँचाई जाए। उन्होंने कहा कि फल, सब्जी, मसाला और फूलों की खेती किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकती है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ बागवानी और सब्जी उत्पादन के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जाए।
बागवानी फसलों का रकबा बढ़ाने पर जोर
कमिश्नर ने कहा कि सागर संभाग के सभी जिलों में बागवानी फसलों का रकबा लगातार बढ़ाना चाहिए। विशेष रूप से सब्जियों के उत्पादन में संभाग को आत्मनिर्भर बनाने की संभावनाएं हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन, बीज, पौधों और उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

योजनाओं की समीक्षा
बैठक में कमिश्नर ने उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की, जिनमें –
- फल क्षेत्र विस्तार योजना
- सब्जी क्षेत्र विस्तार योजना
- पुष्प क्षेत्र विस्तार योजना
- मसाला क्षेत्र विस्तार योजना
- बागवानी यंत्रीकरण योजना
- प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना
शामिल थीं। उन्होंने कहा कि इन सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए ताकि किसानों को वास्तविक लाभ मिल सके।
बैठक में उपस्थिति
बैठक में संयुक्त संचालक उद्यानिकीय सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं मैदानी अमला मौजूद रहा। सभी अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि कमिश्नर के निर्देशों के अनुरूप किसानों तक योजनाओं की पहुंच बढ़ाने के प्रयास तेज किए जाएंगे।