सागर: 12वीं की छात्रा पर युवक का हमला, कटर से किए कई वार; गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती !

Spread the love

सागर। जिले के मकरोनिया थाना क्षेत्र में शनिवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 12वीं कक्षा का पेपर देकर घर लौट रही 17 वर्षीय छात्रा पर एक युवक ने कटर से कई बार हमला कर दिया। हमले में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका चेहरा लहूलुहान हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

स्कूल से बाहर निकलते ही किया हमला

जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 2 बजे छात्रा परीक्षा देकर स्कूल से बाहर निकली थी। इसी दौरान आरोपी नीलेश बाइक से वहां पहुंचा और छात्रा से बातचीत करने लगा। कुछ देर में दोनों के बीच बहस हो गई।

बताया जा रहा है कि बहस के दौरान आरोपी ने अचानक कटर जैसा धारदार हथियार निकाल लिया और छात्रा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने छात्रा के चेहरे, पीठ और कंधे पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी।

छात्रा के शरीर पर लगे कई टांके

हमले में छात्रा को गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों के अनुसार उसकी पीठ पर करीब 40 टांके, चेहरे पर 25 टांके और कंधे पर 10 टांके लगाए गए हैं। अधिक खून बहने के कारण उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है।

आरोपी लंबे समय से कर रहा था परेशान

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कई दिनों से छात्रा को परेशान कर रहा था। बताया जा रहा है कि उसने सोशल मीडिया पर एक स्टेटस भी लगाया था जिसमें लिखा था—
“नाम बदनाम होने की चिंता छोड़ दी हमने, जब गुनाह होगा तो मशहूर भी होंगे…”

इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि आरोपी पहले से ही किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा था।

परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया

घायल छात्रा के परिजनों ने मकरोनिया थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आरोपी लंबे समय से छात्रा को परेशान कर रहा था और इसकी लिखित शिकायत थाने में की गई थी।

परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की। अगर पहले ही कार्रवाई कर दी जाती तो यह घटना नहीं होती और छात्रा को इतनी गंभीर चोटें नहीं लगतीं।

वारदात के बाद घर जाकर बाइक रखी, फिर हुआ फरार

सूत्रों के अनुसार घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पहले अपने घर गया, वहां बाइक खड़ी की और फिर फरार हो गया।

पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी

एडिशनल एसपी लोकेश सिन्हा ने बताया कि आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बंडा क्षेत्र का निवासी है और एक खेत पर काम करता है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी ने किसी धारदार हथियार से हमला किया है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए टीमें लगाई गई हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *