सागर: नेशनल हाईवे-44 पर बम्होरी तिगड्डा ओवरब्रिज पर रविवार रात दो कंटेनरों की आमने-सामने टक्कर हुई। हादसे में एक कंटेनर ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि दूसरे कंटेनर का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल है। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल ड्राइवर को अस्पताल में भर्ती कराया।
हादसे का विवरण

जानकारी के अनुसार, बम्होरी तिगड्डा पर ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा था। हाल ही में यह ब्रिज वाहनों के लिए खोला गया था। उसी दौरान नागपुर की ओर जा रहे कंटेनर की आमने-सामने एक अन्य कंटेनर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक कंटेनर का ड्राइवर कैबिन में फंस गया।
दुर्घटना देख राहगीर और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत कंटेनर में फंसे ड्राइवर को निकालने का प्रयास किया। सब्बल की मदद से कैबिन में फंसे ड्राइवर को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक और घायल की जानकारी

सिविल लाइन थाना प्रभारी आनंद सिंह ने बताया कि नागपुर की ओर जा रहे कंटेनर के चालक जीवन यादव, पिता लखन यादव, निवासी ललितपुर की मौत हुई। वहीं, दूसरे कंटेनर का ड्राइवर राविन, निवासी नूह हरियाणा गंभीर रूप से घायल है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
सड़क पर जाम की स्थिति
हादसे के कारण ओवरब्रिज और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मार्ग को नियंत्रित कर वाहनों की आवाजाही को सुचारु करने का प्रयास किया।