थाना सानौधा पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्यवाही करते हुए ग्राम अमोदा में एक युवक को धारदार अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान करिया उर्फ आदर्श रैकवार (उम्र 25 वर्ष), निवासी तिली चौराहा, बाघराज वार्ड, थाना गोपालगंज के रूप में हुई है, जो पूर्व से ही पांच आपराधिक प्रकरणों में संलिप्त पाया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 12 जुलाई को अपराधों की रोकथाम, फरार आरोपियों की तलाश और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रधान आरक्षक विष्णु प्रसाद के नेतृत्व में आरक्षक राजेन्द्र, देवेन्द्र एवं प्रवीण की एक टीम को क्षेत्र में रवाना किया गया था। इसी दौरान टीम को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम अमोदा के तिगड्डा क्षेत्र में एक युवक हाथ में स्टील जैसी धातु का धारदार चाकू लहराकर लोगों को डरा रहा है।
सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गवाहों को साथ लेकर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम करिया उर्फ आदर्श पिता नन्नू रैकवार बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 12 इंच लंबा धारदार चाकू बरामद किया गया। जब उससे वैध शस्त्र लाइसेंस की मांग की गई तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
थाना गोपालगंज के रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी करिया उर्फ आदर्श रैकवार एक आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध पूर्व में पांच गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इस कारण पुलिस ने तत्काल उसे गिरफ्तार कर लिया और विधि अनुसार उसकी बहन को गिरफ्तारी की सूचना दी गई। घटनास्थल पर की गई कार्यवाही की वीडियोग्राफी आरक्षक देवेन्द्र द्वारा की गई।
थाना सानौधा में आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25(बी) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है एवं विवेचना जारी है।
पुलिस अधीक्षक सागर एवं थाना सानौधा प्रभारी ने टीम के इस सक्रिय और त्वरित कार्य की सराहना की है। इस कार्यवाही से क्षेत्र में आपराधिक तत्वों में भय का वातावरण बना है तथा आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
📌 “थाना सानौधा पुलिस की तत्परता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं। ऐसे अपराधियों के विरुद्ध इसी प्रकार की सख्त कार्यवाही की जाएगी।”