सीएम मोहन यादव ने त्योहारों में शांति और गेहूं उपार्जन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए !

Spread the love

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को भोपाल में कमिश्नर्स-कलेक्टर्स की बैठक ली और आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, पराली जलाने पर रोक लगाने और गेहूं उपार्जन के लिए उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए।

बैठक का आयोजन राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत जनगणना-2027 के प्रथम चरण के लिए किया गया था। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी कमिश्नर्स और कलेक्टर्स को स्पष्ट निर्देश दिए कि महाशिवरात्रि, होली और अन्य प्रमुख पर्वों के दौरान शांति समितियों के साथ बैठक कर सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएं।

सीएम ने अधिकारियों को कहा कि त्योहारों के समय मिलावटी मिठाई, रंग और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच सुनिश्चित की जाए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जनभावनाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने जल संरचनाओं के निर्माण में मुआवजे के प्रकरणों के निपटारे में संवेदनशीलता बरतने और किसानों से जुड़ी सभी योजनाओं तथा कार्यों के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पराली और नरवाई जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर देते हुए सीएम ने कहा कि इस पर निगरानी रखी जाए और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही गेहूं उपार्जन के लिए मंडियों में पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि किसानों को उनके अनाज का उचित मूल्य मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कमिश्नर्स-कलेक्टर्स को यह भी निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान कोई भी अप्रिय घटना न हो और नागरिकों का जीवन सहज और सुरक्षित बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *