सुरखी में जैन मंदिर में बड़ी चोरी, 5 किलो चांदी के 19 छत्र और नकदी ले उड़े चोर !

Spread the love

सागर जिले की सुरखी में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक जैन मंदिर को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर से भगवान के 19 चांदी के छत्र, जिनका कुल वजन करीब 5 किलो बताया जा रहा है, दानपेटी से नकदी, साथ ही सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर (रिकॉर्डिंग डिवाइस) चोरी कर ले गए।

सोमवार सुबह जब श्रद्धालु मंदिर पहुंचे, तब ताले टूटे और सामान बिखरा देख घटना का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

CCTV और DVR उखाड़कर ले गए चोर

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चोर देर रात मंदिर परिसर में दाखिल हुए। पहचान से बचने के लिए उन्होंने सबसे पहले सुरक्षा व्यवस्था को निशाना बनाया और मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों को उखाड़ दिया, साथ ही डीवीआर भी निकालकर अपने साथ ले गए। इसके बाद उन्होंने मंदिर में स्थापित 19 चांदी के छत्र और दानपेटी की नकदी चोरी कर ली।

एफएसएल और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए साक्ष्य

घटना की जानकारी फैलते ही मंदिर परिसर में जैन समाज के लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने सागर से डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर फिंगरप्रिंट्स और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं।

मौके से मिला पैन कार्ड और एटीएम

जांच के दौरान मंदिर परिसर से एक पैन कार्ड और एक एटीएम कार्ड भी बरामद हुआ है। पुलिस को आशंका है कि ये दस्तावेज चोरों के ही हो सकते हैं। दोनों को जब्त कर लिया गया है और इन्हीं सुरागों के आधार पर संदिग्धों की पहचान और तलाश की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और बरामद दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।
इधर, जैन समाज ने मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने और रात्रि गश्त सख्त करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *