सुरखी विधानसभा में चल रहे मंत्री कप क्रिकेट महाकुंभ का रोमांचक फाइनल मुकाबला शुक्रवार को जैसीनगर के गोविंद स्टेडियम में खेला गया।

Spread the love

हरभजन सिंह ने युवाओं को दिया प्रोत्साहन
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सुरखी विधानसभा में आयोजित इस क्रिकेट महाकुंभ को देखकर वह आश्चर्यचकित हैं। उन्होंने कहा, “इतनी बड़ी संख्या में लोगों का उत्साह देखकर लगता है कि गांवों में भी खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। मैं भी गांव का लड़का हूं, अगर मैं आगे बढ़ सकता हूं, तो आप भी बढ़ सकते हैं।” उन्होंने मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की पहल की सराहना करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में क्रिकेट लीग शुरू होने से सुरखी के युवाओं को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का युवाओं को समर्थन
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि इस महाकुंभ में सुरखी विधानसभा की 600 टीमों के 9150 खिलाड़ियों ने भाग लिया। उन्होंने घोषणा की कि प्रत्येक टीम को 2500 रुपए क्रिकेट किट खरीदने के लिए दिए जाएंगे, ताकि युवा अपनी प्रतिभा को निखार सकें। उन्होंने कहा, “सुरखी का युवा खेल के साथ हर क्षेत्र में आगे बढ़े और विश्व पटल पर अपना नाम रोशन करे।”

जिला पंचायत अध्यक्ष ने की प्रतिभाओं की सराहना
जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने कहा कि यह आयोजन सुरखी विधानसभा के हर खिलाड़ी से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा, “खेल युवाओं को अनुशासन और मेहनत सिखाता है। इस तरह के आयोजनों से नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।”

फ्रेंड्स क्लब ने जीता महामुकाबला
फाइनल मुकाबले में फ्रेंड्स क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 130 रन बनाए। टीम के स्टार बल्लेबाज बंटी चैबे ने 70 रन की शानदार पारी खेली। जवाब में मित्रता क्लब 90 रन पर ऑल आउट हो गया, जिससे फ्रेंड्स क्लब ने 40 रन से जीत हासिल की।

पुरस्कार वितरण
शिवकांत गर्ग को मैन ऑफ द सीरीज, बंटी चैबे को बेस्ट बल्लेबाज और शिवेंद्र कुमार झिला को बेस्ट गेंदबाज के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विजेता टीम को 1,11,111 रुपए और उपविजेता टीम को 51,000 रुपए की इनामी राशि प्रदान की गई।

इस आयोजन ने न केवल युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित किया, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *