सागर – आज कलेक्ट्रेट सभागार में प्रदेश सरकार के मंत्री एवं सुरखी विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री गोविंद सिंह राजपूत ने अपने क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की। इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारीगण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में श्री राजपूत ने सख्त लहजे में कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने जल जीवन मिशन, सड़क निर्माण, सिंचाई परियोजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं एवं शिक्षा संबंधी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।

मंत्री श्री राजपूत ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति एवं सड़क संपर्क सुधारने के कार्यों की प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि आमजन तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी अपने क्षेत्र की समस्याओं को सामने रखा, जिन पर मंत्री महोदय ने त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

बैठक का समापन करते हुए मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सरकार की मंशा है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और सुरखी विधानसभा एक आदर्श क्षेत्र के रूप में विकसित हो।