सागर जिले के बांदरी थाना क्षेत्र के सेवन गांव में एक ही रात दो घरों में चोरी की वारदातें हुईं, जिससे गांव में सनसनी फैल गई है। पहली घटना प्रीतम अहिरवार के घर की है, जहां परिवार के सोने के बाद चोरों ने बाहर से कमरा बंद कर दिया और उनकी मां के कमरे का ताला तोड़कर 65 हजार रुपए नकद, चांदी के गहने और एक बड़ी पेटी चोरी कर ली। पेटी बाद में खेत में मिली, लेकिन गहने और नकदी गायब थे।

दूसरी वारदात रमेश यादव के घर में हुई, जहां बेटे मुकेश के कमरे से सोने-चांदी के जेवरात, मंगलसूत्र, दो माला-लॉकेट और 35 हजार रुपए चोरी हो गए। चोरों ने इस कमरे की धारकली भी अलग ढंग से लगाई थी, जिससे शक हुआ।
दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। गांव में लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।